सड़क कार्य का विधायक अजय सोलंकी ने किया निरीक्षण, गुणवत्ता पर दिया जोर
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। नाहन विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत जाबल का बाग से त्रिलोकपुर वाया कड़ईवाला-खरकोटी सड़क के चौड़ीकरण और मेटलिंग कार्य का रविवार को विधायक अजय सोलंकी ने निरीक्षण किया। विधायक ने ठेकेदार और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ निर्माण कार्य की प्रगति, गुणवत्ता और समय-सीमा को लेकर विस्तार से समीक्षा की।
अजय सोलंकी ने इस कार्य को हरहाल में बरसात से पहले पूरा करने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा और सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुसार ही किए जाएं।
यह सड़क परियोजना लगभग 7.26 करोड़ रुपये की लागत से तैयार की जा रही है, जिसके पूर्ण होने से क्षेत्र में यातायात व्यवस्था मजबूत होगी, ग्रामीण क्षेत्रों की कनेक्टिविटी बेहतर होगी और स्थानीय लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी।
निरीक्षण से पहले विधायक ने सैनवाला गांव का भी दौरा किया, जहां उन्होंने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। गांववासियों द्वारा सड़क को चौड़ा एवं पक्का करने की लंबे समय से चली आ रही मांग को जायज बताते हुए उन्होंने संबंधित विभाग को सड़क चौड़ीकरण एवं पक्कीकरण का कार्य शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश दिए, ताकि लोगों को धूल-मिट्टी और खराब सड़क से निजात मिल सके।
संवाद