-कफोटा उत्सव के समापन पर उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने की घोषणा
-कहा, बोराड और खजुरी-पाटनी पेयजल योजनाओं का काम जल्द होगा पूरा
संवाद न्यूज एजेंसी
कफोटा (सिरमौर)। आईटीआई कफोटा के अधूरे भवन का निर्माण जल्द पूरा होगा। प्रदेश सरकार ने इसके लिए 5 करोड़ 83 लाख रुपये स्वीकृत किए हैं। उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने कफोटा उत्सव के समापन समारोह में यह जानकारी दी।
गांधी जयंती पर क्षेत्रीय विकास समिति की ओर से आयोजित दो दिवसीय 15वीं खेलकूद एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिता के समापन समारोह में मुख्यातिथि पहुंचे चौहान ने कहा कि कफोटा में विकास कार्यों को गति दी जा रही है। आईटीआई भवन का निर्माण पूरा कर इसे क्षेत्रवासियों को सौंपा जाएगा। उन्होंने बताया कि पेयजल समस्या के समाधान के लिए करीब 5.50 करोड़ की बोराड और 1.50 करोड़ रुपये की खजुरी-पाटनी पेयजल योजनाओं का काम जल्द पूरा किया जाएगा।
कफोटा में 33 केवी विद्युत सब स्टेशन भी बनाया जा रहा है। इससे कम वोल्टेज और बिजली कटौती की समस्या दूर करने में मदद मिलेगी। उन्होंने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कफोटा के लिए चार कमरे बनाने और क्षेत्रीय विकास समिति को 50 हजार रुपये देने की घोषणा की। कफोटा उत्सव में शिलाई क्षेत्र के अलावा प्रदेश और उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने खेलकूद प्रतियोगिताओं में भाग लिया।
समारोह में मार्केटिंग कमेटी अध्यक्ष सीता राम शर्मा, जिला परिषद सदस्य खत्री सिंह, पूर्व जिला परिषद सदस्य जगत सिंह पुंडीर, ओएसडी अत्तर राणा, क्षेत्रीय विकास समिति अध्यक्ष तपेंद्र सिंह, महासचिव मुंशी राम पुंडीर सहित पंचायत प्रतिनिधि, अधिकारी और स्थानीय लोग मौजूद रहे।-