इशानी ठाकुर, करियर अकादमी सीनियर सेकेंडरी स्कूल की छात्रा
नॉर्थ जोन इंडिया कराटे चैंपियनशिप में जीता कांस्य पदक
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। करियर अकादमी सीनियर सेकेंडरी स्कूल की छात्रा इशानी ठाकुर ने नॉर्थ जोन इंडिया कराटे चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक हासिल किया है। यूटी चंडीगढ़ में आयोजित इस प्रतियोगिता में विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिभावान खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।
नेशनल कराटे चैंपियनशिप ऑफ इंडिया (एनकेएफ इंडिया) की ओर से आयोजित प्रतियोगिता में इशानी ने आत्मविश्वास, अनुशासन और खेल भावना का परिचय देते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन हुआ है।
विद्यालय के चेयरमैन एसएस राठी, डायरेक्टर मनोज राठी, मधुलिका राठी सहित प्रधानाचार्य राजेश सोलंकी ने इशानी को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता उनकी कड़ी मेहनत, निरंतर अभ्यास और समर्पण का परिणाम है।