हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में हाईवोल्टेज से जले कीमती उपकरण
जिस भी उपकरण को जलाने को स्विच ऑन किया जल उठा
फ्रिज, गीजर और बल्ब जले, शिकायत दर्ज कराने पर नहीं हुई सुनवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। शहर की हाउसिंग बोर्ड कालोनी के कई घरों में बिजली से चलने वाले उपकरण हाईवोल्टेज से जल गए। इससे लोगों की परेशानी बढ़ गई है। इसकी शिकायत लोगों ने विद्युत बोर्ड कार्यालय में भी की लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार शहर के हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में शुक्रवार देर रात से शनिवार सुबह तक कई घरों में लगे कीमती फ्रीज, गीजर और बल्ब जैसे उपकरण जलकर खराब हो गए।
बता दें कि शुक्रवार को आधे शहर में सुबह से ही विद्युत आपूर्ति ठप रही। देर शाम को बिजली आई लेकिन इसके बाद भी कटों का सिलसिला जारी रहा। लोगों की मानें तो देर रात को हाईवोल्टेज की आपूर्ति हुई। इससे उनके घरों में लगे बिजली उपकरण जल गए।
हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी निवासी सुंदर चौहान ने बताया कि रात को घर के सदस्य उठे तो उन्होंने रोशनी के लिए बल्ब जलाया। स्विच ऑन करते ही बल्ब धमाके के साथ बुझ गया। जिस भी कमरे का स्विच ऑन किया वह बल्ब खराब हो गया।
इसके बाद रात को लाइट नहीं जलाई। सुबह नहाने के लिए गीजर ऑन किया तो वह भी तेज आवाज के साथ खराब हो गया। उन्होंंने बताया कि गनीमत यह रही कि वह रात को फ्रीज बंद करके सोते हैं अन्यथा वह भी खराब हो जाता।
उनके यहां तीन बल्ब और गीजर जल गया। जबकि साथ लगते दौलतराम अत्री का फ्रीज और बल्ब जला। उन्होंने बताया कि उनके पड़ोस के ज्ञान चौहान के घर में भी बल्ब, फ्रीज और गीजर को नुकसान पहुंचने की जानकारी मिली है।
सुंदर चौहान ने बताया कि उन्होंने बिजली शिकायत केंद्र में फोन पर शिकायत करने का प्रयास किया, लेकिन किसी ने फोन नहीं उठाया। जब वहां जाकर शिकायत दर्ज करने की कोशिश की तो मना दिया।
विद्युत बोर्ड के अधिशासी अभियंता राहुल राणा ने बताया कि इस तरह का मामला संज्ञान में नहीं है। इस बारे में अधीनस्थ अधिकारियों से जांच करवाई जाएगी।