बैग फ्री डे रजिस्टर लगाने और मरम्मत के लिए प्राक्कलन भेजने के दिए निर्देश
पढ़ाई, किचन गार्डन, दोपहर का भोजन और साफ-सफाई सही पाए गए
स्कूलों में चहारदीवारी और छोटी-मोटी मरम्मत की जरूरत
पंकज तन्हा
नाहन (सिरमौर)। खंड शिक्षा अधिकारी नाहन ने शिक्षा खंड नाहन की तीन प्राथमिक पाठशालाओं का निरीक्षण किया। औचक निरीक्षण के लिए यकायक पहुंचे अधिकारी को देखकर कुछ पलों के लिए स्कूलों में सन्नाटा पसर गया।
खंड शिक्षा अधिकारी पूर्ण चंद पंवार ने स्कूलों में पहुंचते ही शैक्षणिक, गैर शैक्षणिक कार्यों समेत किचन गार्डन, शौचालयों और दोपहर के भोजन का निरीक्षण किया। इस दौरान स्कूलों में पढ़ाई समेत दूसरे कार्य तो सही मिले लेकिन कई स्कूलों में चहारदीवारी और मरम्मत की जरूरत महसूस हुई। इस पर उन्होंने स्कूल प्रभारियों को उचित दिशा-निर्देश जारी किए।
खंड शिक्षा अधिकारी ने सबसे पहले प्राथमिक पाठशाला धौण का निरीक्षण किया। उन्होंने स्कूल की सभी व्यवस्थाएं जांचीं। यहां पढ़ाई का स्तर ठीक पाया। इसके अलावा किचन गार्ड, सफाई व्यवस्था और दोपहर का भोजन भी सही मिला। उन्होंने स्कूल प्रभारी को बैग फ्री डे रजिस्टर लगाकर उसे पूर्ण रूप से भरने के निर्देश दिए। इसके बाद अधिकारी ने राजकीय प्राथमिक पाठशाला रामा और कन्यौण स्कूल का निरीक्षण किया। बच्चों से सामान्य ज्ञान समेत विषय से संबंधित सवाल-जवाब भी किए। बच्चों ने सभी प्रश्नों के जवाब फटाफट दिए। इस पर अधिकारी ने खुशी जताई। इसके बाद किचन गार्डन, शौचालय, दोपहर के भोजन और साफ-सफाई का भी जायजा लिया, ये सभी चीजें ठीक पाई गईं। विशेषकर कन्यौण स्कूल सभी कार्यों में अव्वल दिखा।
इन स्कूलों में आधी अधूरी चहारदीवारी और छोटे-मोटे मरम्मत के कार्य को देखकर जेई से प्राक्कलन तैयार करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्कूल प्रभारियों से इस बारे में एसएमसी की बैठक बुलाकर प्रस्ताव भिजवाने के भी निर्देश दिए, ताकि इस प्रस्ताव को समय रहते उच्चाधिकारियों को भेजकर मरम्मत कार्यों की स्वीकृति ले सकें।