कमरऊ स्कूल के जर्जर भवन की मरम्मत के लिए 25 लाख मंजूर
-उद्योग मंत्री हर्ष वर्धन चौहान ने किया औचक निरीक्षण
-टिन की शेड और तीन कमरों की हालत देख दिए निर्देश
-चहारदीवारी और स्कूल सड़क को पक्का करवाने का आश्वासन
संवाद न्यूज एजेंसी
सतौन (सिरमौर)। उद्योग मंत्री हर्ष वर्धन चौहान ने शनिवार को अपने शिलाई प्रवास के दौरान राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कमरऊ का औचक निरीक्षण किया। कार्यवाहक प्रधानाचार्य मामराज तोमर ने उद्योग मंत्री को स्कूल भवन की जर्जर स्थिति से अवगत करवाया। उन्होंने स्कूल भवन की छत पर बने टिन शेड, कंप्यूटर लैब के दो कमरों और विज्ञान लैब के भवन की खराब हालत दिखाई।
भवन की स्थिति देखने के बाद उद्योग मंत्री ने तत्काल संज्ञान लेते हुए इसकी मरम्मत के लिए 25 लाख रुपये की घोषणा की। उन्होंने संबंधित विभाग को पांच लाख रुपये की लागत से टिन शेड की मरम्मत और 20 लाख रुपये की लागत से तीन कमरों की छत दोबारा डालने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उद्योग मंत्री ने कहा कि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। स्कूल भवन के निर्माण एवं मरम्मत कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा।
हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि स्कूल की चहारदीवारी और विद्यालय तक पहुंचने वाली सड़क को पक्का करने का कार्य भी उनके अगले दौरे के दौरान प्राथमिकता से करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि दूरदराज क्षेत्र के विद्यार्थियों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। इस दौरान उनके साथ सतौन वार्ड के जिला परिषद सदस्य खत्री ठाकुर और कमरऊ पंचायत के बीडीसी सदस्य विपुल शर्मा भी मौजूद रहे।
कार्यवाहक प्रधानाचार्य मामराज तोमर ने बताया कि स्कूल प्रबंधन ने उद्योग मंत्री के समक्ष भवनों और टिन शेड की जर्जर स्थिति के अलावा स्कूल की चारदीवारी और सड़क को पक्का करने की मांग भी रखी थी। उन्होंने कहा कि उद्योग मंत्री ने स्कूल की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए तत्काल 25 लाख रुपये की घोषणा की है।
जर्जर हालत में कमरऊ स्कूल की छत। संवाद