भारत की टी-20 विश्व कप जीत पर पांवटा साहिब में जश्न का माहौल
दक्षिण अफ्रीका को सात रन से हराने पर, रात को बधाई देते रहे लोग
क्रिकेट प्रेमी बोले, रोहित शर्मा और विराट कोहली समेत टीमवर्क आया काम
संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब(सिरमौर)। रविवार देर रात को भारत की जीत के साथ ही पांवटा क्षेत्र जश्न में डूब गया। क्रिकेट प्रेमी भारतीय टीम को टी-20 विश्वकप फाइनल मैच में ऐतिहासिक विजय मिलने के उपलक्ष्य में जीत का जश्न मनाते रहे। देर रात तक एक दूसरे को जीत की बधाई देते रहे। कुछ युवा रात को वाहनों में तिरंगे लहराते हुए जश्न मनाते रहे। भारत के विश्वकप जीतने पर आपस में मिठाइयां बांटीं।
सिरमौर क्रिकेट संघ अध्यक्ष अतर सिंह नेगी ने कहा कि टी-20 विश्व कप में विजेता रही भारतीय टीम ने पूरी प्रतियोगिता में ही कोई मैच नहीं हारा। फाइनल मैच काफी रोमांचक रहा। मैच के आखिरी ओवर तक दोनों टीमों ने संघर्ष किया।
भारत की टीम में वरिष्ठ खिलाड़ियों का अनुभव तथा कनिष्ठ खिलाड़ियों के जोश का बेहतर समन्वय रहा।
पूर्व क्रिकेटर व पार्षद नगर परिषद वार्ड-दस मधुकर डोगरी ने कहा कि जीत के बाद हर तरफ रात को भी उत्साह का नजारा दिखाई दिया। भारत को चैंपियन बनने के लिए भगवान से प्रार्थना कर रहे थे। जैसे ही भारत ने विश्व कप जीता वैसे ही रात को युवाओं की टोली वंदे मातरम, हिंदुस्तान जिंदाबाद के नारे लगाने लगे। भारत और दक्षिण अफ्रीका का टी-20 फाइनल मैच देखने को कुछ होटलों में बेहतर व्यवस्था थी। अधिकतर लोगों ने अपने घरों में रोमांचक फाइनल मैच देखा।
पंकज भटनागर ने कहा कि एक बार लगा कि दक्षिण अफ्रीका के लड़ाके हर हाल में ट्राॅफी पर कब्जा जमाने को तैयार हैं लेकिन बुमराह की अगुवाई में भारतीय गेंदबाजों ने कमाल कर विश्वकप की चौथी ट्रॉफी देश को दिला दी। भारत दो बार एक दिवसीय विश्व कप और अब दो बार टी-20 चैंपियन ट्राॅफी जीत चुका है।
तलविंद्र सिंह ने कहा कि आखिरी बाल के साथ जैसे ही भारत की जीत हुई पूरे देश के साथ देशवासी खुशी से झूम उठे। युवा जोश में डूबकर उत्साहित नजर आए। शानदार कैच टर्निंग प्वाइंट रहा। ये कैच 1983 विश्वकप में कपिल देव की ओर से विवियन रिचर्डन के कैच की याद दिला गया।
ऋतिक तोमर ने बताया कि क्रिकेट के प्रति युवाओं में काफी क्रेज रहा है। दक्षिण अफ्रीका व भारत पूरी प्रतियोगिता में कोई लीग मैच नहीं हारा। मजबूत स्कोर के बावजूद अफ्रीका की टीम अंतिम ओवर तक खूब लड़ती रही। मैच के आखिरी ओवर की तीसरी गेंद पर सूर्यकुमार यादव ने जैसे ही डेविड मिलर का बाउंड्री पर जाकर कैच पकड़ा, वहीं से भारत की जीत लगभग तय हो गई।
संवाद
टी-20 विश्व कप: अतर सिंह नेगी,
टी-20 विश्व कप: अतर सिंह नेगी,
टी-20 विश्व कप: अतर सिंह नेगी,
टी-20 विश्व कप: अतर सिंह नेगी,