डाइट में आयोजित जिला समीक्षा एवं निगरानी की बैठक में असर की रिपोर्ट पेश
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। प्री प्राइमरी में छात्रों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है। इसका खुलासा असर (एनुअल स्टेट्स ऑफ एज्युकेशन रिपोर्ट) में हुआ है। शनिवार को डाइट नाहन में राज्य सामग्री एवं प्रशिक्षण सहयोगी कुलदीप पुंंडीर और असर सहायक हरीश ने मासिक जिला समीक्षा एवं निगरानी की बैठक में असर की रिपोर्ट प्रस्तुत की।
इस रिपोर्ट के अनुसार हिमाचल के छात्रों का लर्निंग लेवल पूरे भारत में नंबर वन पर है। असर का सर्वे जिला स्तर पर डाइट के डीएलएड छात्रों की ओर से 11 और 12 अक्तूबर को करवाया गया। रिपोर्ट में छात्रों का लर्निंग लेवल और सरकारी-गैर विद्यालय सरकारी स्कूलों के आंकड़े भी प्रस्तुत किए गए। सर्वे में सरकारी और गैर सरकारी विद्यालयों में पढ़ने वाले छात्रों की गुणवत्ता, योग्यता और उनके लर्निंग लेवल की जांच की गई।
इस अवसर पर जिला उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा राजीव ठाकुर, डीपीओ रीता गुप्ता और रिसर्च एवं मूल्यांकन समन्वयक एकता शर्मा ने असर की टीम में शामिल हरीश कुलदीप पुंडीर, बबली, भीम और डीएलएड के प्रशिक्षुओं को सम्मानित किया। इस दौरान जिला के सभी बीपीईओ, बीईओ, मॉनिटरिंग को-ऑर्डिनेटर डॉ. शैली गोपाल आदि मौजूद रहे।