पांवटा साहिब में उमा महेश शोभायात्रा निकालते श्रद्धालु। संवाद
- फोटो : NAHAN
पांवटा साहिब (सिरमौर)। पातालेश्वर मंदिर कमेटी और पांवटा के भक्तों के सौजन्य से शनिवार को भव्य शोभा यात्रा निकाली गई। तेज बारिश के बावजूद भी श्रद्घालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ। भजनों पर भक्तिरस से सराबोर होकर भक्तों के पांव थिरकते रहे। यात्रा के दौरान सेवा त्याग और सदाचार के संकल्प को मजबूत और सशक्त किया गया।
उमा महेश शोभायात्रा के दौरान हर-हर महादेव के जयघोषों से माहौल शिवमय हो गया। गीता भवन पांवटा मुख्य बाजार से प्राचीन पातालेश्वर महादेव मंदिर परिसर तक निकाली गई शोभा यात्रा में झांकी और बैंड आकर्षण का केंद्र रहे।
पंडित मनोज शर्मा, मनोज पनौली और वेद प्रकाश ने कहा कि भगवान शिव तीनों लोकों के रक्षक हैं जो सेवा, त्याग व सदाचार के सिद्घांत पर मानव का मार्गदर्शन करते हैं। मानवता की पीड़ा व दुखों को दूर कर कल्याण करते हैं। मान्यता है कि सावन भादों में भगवान शिव प्रजा का हाल जानने को निकलते हैं। मां पार्वती भी पालकी में साथ निकलती है।
यात्रा के दौरान शिव-पार्वती की मनमोहक झांकियां सजाई गईं। मां यमुना राधा-कृष्ण मंदिर के समीप यमुनाघाट पर भगवान उमा महेश स्वरूपा, मंगल पंचामृत स्नान व पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद भव्य शोभा यात्रा में सैकड़ों श्रद्घालुओं ने भाग लिया। इस दौरान गीता भवन में भक्तों को प्रसाद वितरित किया।
इस दौरान भाजपा मंडल अध्यक्ष अरविंद गुप्ता, भाजयुमो जिलाध्यक्ष पवन चौधरी, मदन शर्मा, भारत भूषण गोयल और अनुज समेत शिव मंदिर पातलियों कमेटी सदस्य शामिल रहे।