परिवहन निगम के पेंशनरों ने नाहन में बैठक करके दी चेतावनी
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। हिमाचल परिवहन सेवानिवृत्त कर्मचारी कल्याण मंच की बैठक वरिष्ठ नागरिक कक्ष रानीताल में हुई जिसकी अध्यक्षता प्रधान मोहन सिंह ठाकुर ने की। जबकि कार्यवाही का संचालन राज्य उपाध्यक्ष अमर कुमार ने किया।
बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित करते हुए निगम प्रबंधन और सरकार की पेंशनरों के प्रति अपनाए निराशाजनक रवैये की कड़े शब्दों में निंदा की गई। बैठक में वक्ताओं ने निगम प्रबंधन और सरकार से हर महीने की पहली तारीख को पेंशन देने की मांग दोहराई।
बैठक में मौजूद बृज भूषण, शशी बाला, राधा देवी, बीना धवन, चांद बीबी, सतीश चंद, अमरेश कुमार, गोरखूराम व गुमान सिंह ने तीन सालों से लंबित डीए देने, दो वर्ष की लंबित वेतन वृद्धि जारी करने, 4-9-14 का का लंबित लाभ देने की पुरजोर मांग की।
गीताराम, सोमदत्त, सुरेश कुमार, करनैल सिंह व रामनाथ ने कहा कि यदि सरकार 15 फरवरी तक उनकी मांगों को पूरा नहीं करती है तो वह सभी 16 फरवरी को शिमला जाकर विधानसभा का घेराव करेंगे।
-संवाद