-ग्रामीणों ने चालक-परिचालक का फूलमालाओं से किया स्वागत
संवाद न्यूज एजेंसी
ददाहू (सिरमौर)। रेणुकाजी विधानसभा क्षेत्र के सैनधार की कोटला मोलर पंचायत के बानाकोटी और भैनू गांव के लोगों का सरकारी बस का इंतजार खत्म हो गया है। वर्षों बाद गांव तक निगम की बस सेवा शुरू होने से ग्रामीणों में खुशी की लहर है। पहली बार सरकारी बस गांव पहुंचने पर लोगों ने चालक और परिचालक का फूलमालाओं से स्वागत किया।
ग्रामीणों ने बस सेवा शुरू करने के लिए विधायक विनय कुमार, जिला प्रशासन और परिवहन निगम का आभार जताया। अब तक ग्रामीणों को मुख्य सड़क तक पहुंचने के लिए कई किलोमीटर पैदल चलना पड़ रहा था। इससे बुजुर्गों, मरीजों और स्कूली बच्चों को सबसे अधिक परेशानी होती थी। बस सेवा शुरू होने से लोगों को आवागमन में राहत मिलेगी।
निगम के उपमंडलीय प्रबंधक रामदयाल ने बताया कि ग्रामीणों की मांग पर नाहन से बेचड़ का बाग होते हुए बानाकोटी तक निगम की नई बस सेवा शुरू की गई है। बस शाम 4:15 बजे नाहन से रवाना होगी, जबकि अगले दिन सुबह 6:15 बजे बानाकोटी से वापस नाहन के लिए चलेगी। जरूरत के अनुसार समयसारिणी में बदलाव किया जा सकता है।-