श्री गुरु गोविंद सिंह राजकीय महाविद्यालय पांवटा के विद्यार्थियों को शिलाई एवं रेणुकाजी विस क्षेत्र से पांवटा कॉलेज पहुंचने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सैकड़ों विद्यार्थियों को सुबह के समय कोई बस नहीं होने से परेशानी झेलनी पड़ती है। निजी बसों के माध्यम से कॉलेज समय पर नहीं पहुंच पाते हैं। वीरवार को एक प्रतिनिधिमंडल एसडीएम पांवटा से मिला। इसमें प्रदेश सरकार, परिवहन मंत्री व एचआरटीसी से इस क्षेत्र में बस सेवा शुरू करने की मांग की गई। पांवटा कॉलेज के छात्र-छात्राओं नवनीत, रेणु, अनीता, प्रतिमा, निधि, रजनी, मनोज खदराई, प्रिया, काजल, तनुजा, मीना, मीनाक्षी, अजय सिंह, वीरेंद्र शर्मा, कृष्णा शर्मा, रवि दत्त, भंवर, टीका राम, विनय, अखिलेश, खेम सिंह, लवली गतवाल व नितेश ने कहा कि हिमाचल पथ परिवहन निगम की सुबह कोई बस सेवा रेणुका क्षेत्र से नहीं है। कॉलेज पहुंचने में दिक्कते होती है। इसलिए वाया सतौन से एचआरटीसी की बस सेवा शीघ्र शुरू करने की मांग उठाई है। प्रतिनिधिमंडल ने एनएसएस कैंप के दौरान कुछ लोगों के अभद्र व्यवहार की भी शिकायत की। विद्यार्थियों का कहना है कि सफाई अभियान के दौरान गाली गलौच कर छात्र व छात्राओं को खदेड़ दिया गया। छात्राओं ने इस बारे एसडीएम पांवटा से शिकायत की है।
एसडीएम पांवटा एचएस राणा ने कहा कि वीरवार को कॉलेज के विद्यार्थियों का एक प्रतिनिधिमंडल आया था। विद्यार्थियों को रेणुकाजी क्षेत्र से सुबह एचआरटीसी की कोई बस सेवा नहीं होने से कॉलेज पहुंचने में दिक्कतें हो रही हैं। विद्यार्थियों ने एनएसएस कैंप के दौरान कुछ लोगों के अभद्र व्यवहार की भी शिकायत की है।