राष्ट्रीय पेंशनर दिवस पर 75 साल पूरे कर चुके पेंशनर किए सम्मानित
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। एचपीएसईबी पेंशनर संघ की नाहन इकाई ने राष्ट्रीय पेंशनर दिवस पर संयम होटल में सम्मान समारोह आयोजित किया। इसमें 75 साल की आयु पूर्ण कर चुके पेंशनरों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में जिला सिरमौर पेंशनर संघ के पूर्व जिला अध्यक्ष रामस्वरूप चौहान ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की। जबकि वर्तमान अध्यक्ष शमशेर सिंह ठाकुर ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। कार्यवाही का संचालन महासचिव कमलेश पुंडीर ने किया।
कार्यक्रम में सबसे पहले दिवंगत पेंशनरों की याद में दो मिनट का मौन रखकर उनको श्रद्धांजलि प्रदान की गई। इसके बाद 75 साल की आयु पूर्ण कर चुके 11 पेंशनरों को सम्मानित किया गया। इनमें संतोष शर्मा, पुष्पा शर्मा, तपस्या देवी, इला शर्मा, मदन मोहन सिंघला, सुंदर सिंह, सुंदर लाल, जयपाल शर्मा, हेत राम, एलए अंसारी और भीषण लाल शामिल रहे।
इससे पूर्व वक्ताओं ने अपने संबोधन में बिजली बोर्ड के 25 कर्मचारियों को लोक निर्माण विभाग और जलशक्ति विभाग में बदलने पर आक्रोश प्रकट किया गया। महासचिव कमलेश पुंडीर ने सरकार से इन आदेशों को तुरंत वापस लेने की अपील की। उन्होंने सरकार से विभिन्न विभागों की ओर से बिजली बोर्ड के 644.01 करोड़ की राशि का शीघ्र भुगतान करवाने की अपील की।
इस अवसर पर संघ की नई कार्यकारिणी को लेकर भी चर्चा की गई। सबकी सहमति से दो साल के लिए इसी कार्यकारिणी को आगे बढ़ाने का प्रस्ताव ध्वनि मत से पारित किया गया। कार्यक्रम में मेहबूब आलम, सुशील कुमार, रोशन लाल चुग, बाबूराम, विनोद सिंघल, विनोद तोमर, महीपाल, रामकिशन, रूलदू राम, सुमन गुप्ता, गुरचरण सिंह, मोहम्मद सफी, योगेश कुमार और अब्दुल खालिक आदि ने भाग लिया।
संवाद
एचपीएसईबी पेंशनर संघ नाहन के कार्यक्रम में मौजूद पदाधिकारी। संवाद