नशा मुक्त भारत अभियान के तहत बालक और बालिका टीमों के बीच हुए मुकाबले, युवाओं को खेलों से जुड़ने का आह्वान
संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब (सिरमौर)। युवाओं को नशे से दूर रखने और खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से मेरा गांव, मेरा देश एक सहारा संस्था की ओर से सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, हिमाचल प्रदेश के सौजन्य से माजरा स्थित हॉकी एस्ट्रोटर्फ मैदान में मैत्री हॉकी मैचों का आयोजन किया गया। नशा मुक्त भारत अभियान के तहत आयोजित इन मुकाबलों में बालिका और बालक हॉकी टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ नायब तहसीलदार इंदर कुमार ने किया। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने में खेलों की अहम भूमिका है। खेलों से जुड़ने पर युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है।
इस दौरान पहला मैत्री मुकाबला दो बालिका हॉकी टीमों तथा दूसरा मुकाबला दो बालक हॉकी टीमों के बीच खेला गया। दोनों मुकाबलों में खिलाड़ियों ने खेल भावना, अनुशासन और टीम भावना का प्रदर्शन किया।
संस्था के संस्थापक डॉ. अनुराग गुप्ता और अध्यक्ष पुष्पा खंडूजा सहित अन्य पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। डॉ. अनुराग गुप्ता ने कहा कि संस्था का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत करवाने के साथ उन्हें खेल, शिक्षा और रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ना है।
उन्होंने बताया कि आगामी दिनों में फाइनल हॉकी मुकाबले का आयोजन किया जाएगा। इसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली विजेता टीम को संस्था की ओर से सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के सौजन्य से सम्मानित किया जाएगा। इस अवसर पर हरिश जाट, गुरिंद्र चौधरी सहित संस्था के सदस्य मौजूद रहे।