सीबीएसई से फाइनल में हारी टीम, पूरी प्रतियोगिता में रहा बेहतरीन प्रदर्शन
मध्य प्रदेश में हुई स्कूली राष्ट्रीय स्तरीय वॉलीबाल प्रतियोगिता
संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब (सिरमौर)। मध्य प्रदेश में हुई राष्ट्रीय स्तरीय छात्र वर्ग वॉलीबाल खेलकूद प्रतियोगिता में हिमाचल टीम का प्रदर्शन शानदार रहा। फाइनल मुकाबले में सीबीएसई टीम ने हिमाचल को हराया। इससे पहले हिमाचल टीम ने मजबूत टीमों को हराकर उल्टफेर कर फाइनल में स्थान बनाया था। हिमाचल टीम ने रजत पदक जीतने में सफलता प्राप्त की है।
बता दें कि इस बार मध्य प्रदेश के आदर्श गदावरा नरसिंहपुर में छात्र वर्ग की अंडर-19 राष्ट्रीय वॉलीबाल प्रतियोगिता में हिमाचल की टीम का आगाज बेहतर रहा। हिमाचल छात्र टीम ने उत्तर प्रदेश, मणिपुर, दादर नगर हवेली, असम व केरल की टीम को हराया। ऋतिक, तरुण चौहान, प्रिंस समेत अन्य खिलाड़ियों का प्रदर्शन शानदार रहा। क्वार्टर फाइनल में केरल टीम को 3-0 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। सेमीफाइनल में भी शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए विद्या भारती जैसी टीम से मुकाबला हुआ। प्रथम सेट में विद्या भारती टीम ने जीत दर्ज कर हिमाचल पर दबाव बनाया, लेकिन, हिमाचल की टीम ने विद्या भारती टीम को 3-1 से हराकर फाइनल में स्थान पक्का कर लिया।
फाइनल में सीबीएसई टीम ने 3-0 से जीत दर्ज की। हिमाचल टीम हर सेट में खूब टक्कर देती रही। कंवर चौहान, कपिल तोमर व विंकेश चौहान ने बताया कि हिमाचल की टीम के कोच अशोक व मैनेजर कंवर समेत पूरी टीम रजत पदक जीतने पर बधाई की पात्र है।