जिला सिरमौर में प्री-मानसून की पहली मुसलाधार बारिश से आधा दर्जन सड़कें अवरुद्घ हो गई। इससे यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। विभिन्न मार्गों पर आवाजाही ठप होने से कई किसान-बागवान फसलों को बाजार तक नहीं पहुंचा सके। वहीं कई स्कूली बच्चों व कामकाजी लोगों को भी दिक्कतें उठानी पड़ी।
बुधवार रात हुई मुसलाधार बारिश वीरवार सुबह करीब 8 बजे तक जारी रही। इससे मातरभेड़ों-धौलाकुआं, जमटा-महीपुर व रेणुका-शिवपुर मार्ग बंद हो गए। इसके अलावा सराहां इलाके में भी कई मार्ग बंद हो हो गए। हालांकि दोपहर बाद लोक निर्माण विभाग ने बंद पड़े रास्तों को आवाजाही के लिए खोल दिया, मगर इन रास्तों पर तयशुदा समय के अनुसार बस सेवाएं बाधित रही।
बताया जा रहा है कि यह सड़क मार्ग भूस्खलन के कारण बंद हो गए थे। भारी मलबा आने से बसों को इन मार्गों पर नहीं चलाया गया। शाम के समय इन रुटों पर आवाजाही बहाल हो पाई। वहीं दूसरी ओर कई संपर्क मार्ग भी पूरा अवरुद्घ रहे।
उधर, बस अड्डा प्रभारी विजय कुमार ने बताया कि बारिश के कारण कुछ मार्ग बंद रहे। मुख्य मार्गों पर मलबा आने के कारण बस चालकों को भी दिक्कतें उठानी पड़ी।