-प्रशासन की चेतावनी-नदी-नालों से रहें दूर, बेवजह घरों से न निकलें
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। मौसम विभाग की ओर से सिरमौर जिले में 21 और 22 जुलाई को भारी से अत्यधिक भारी वर्षा की चेतावनी जारी किए जाने के बाद जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। संभावित आपदा को देखते हुए जिला प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने तथा मौसम संबंधी एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है।
उपायुक्त एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की अध्यक्ष प्रियंका वर्मा ने बताया कि मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 23 जुलाई तक प्रदेश में मानसून के सक्रिय रहने की संभावना है। इसी के मद्देनजर 21 और 22 जुलाई के लिए सिरमौर जिले में रेड अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों में भारी से अत्यधिक भारी वर्षा हो सकती है।
उन्होंने बताया कि 20 जुलाई के लिए येलो अलर्ट तथा 23 जुलाई के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। खराब मौसम की आशंका को देखते हुए लोगों से विशेष सावधानी बरतने का आग्रह किया गया है। उपायुक्त ने कहा कि भारी बारिश के दौरान नदी-नालों, खड्डों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों के आसपास जाने से बचें। बिना जरूरी काम के घर से बाहर न निकलें तथा वाहन चलाते समय गति सीमा और यातायात नियमों का सख्ती से पालन करें। किसी भी आपात स्थिति में तुरंत जिला प्रशासन के हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क करें।
उन्होंने जिलावासियों से अपील की कि मौसम विभाग और जिला प्रशासन की ओर से समय-समय पर जारी किए जाने वाले दिशा-निर्देशों का पालन करें, ताकि किसी भी संभावित दुर्घटना से बचा जा सके।-