भीषण गर्मी के चलते लोगों के कामकाज हो रहे प्रभावित चिकित्सकों ने लू से बचने और रसीले फलों के सेवन की दी सलाह
संवाद न्यूज एजेंसी
कालाअंब (सिरमौर)। औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब में इन दिनों भीषण गर्मी ने लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। क्षेत्र में तापमान लगातार बढ़ता जा रहा है। दोपहर 2 बजे के आसपास अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा रहा है, जबकि सुबह 8 बजे भी तापमान 35 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है।
लू चलने से स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और मजदूर वर्ग को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कालाअंब बाजार में सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक सन्नाटा पसर रहा है। बढ़ते तापमान के कारण कई निर्माणाधीन भवनों में भी दोपहर के समय कार्य बंद रखना पड़ रहा है। चिकित्सकों ने लोगों को दोपहर 12 बजे से शाम 3 बजे तक अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने की सलाह दी है।
त्रिलोकपुर स्थित आयुर्वेदिक औषधालय की आयुर्वेदिक चिकित्सा अधिकारी डॉ. अदिति शर्मा ने बताया कि दोपहर के समय लू का प्रकोप अधिक रहता है। ऐसे में लोगों को पूरी बाजू के कपड़े पहनने, अधिक मात्रा में पानी पीने और धूप में बाहर निकलने से बचने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि गर्मी से बचाव के लिए नारियल पानी, छाछ, नींबू पानी और रसीले फलों का सेवन लाभदायक है। वहीं तली-भुनी और बासी खाद्य वस्तुओं से परहेज करना चाहिए। उचित खानपान और सावधानी अपनाकर ही लू के प्रभाव से बचा जा सकता है।
उधर, उच्च शिक्षा उप निदेशक विजय राघव ने बताया कि स्कूलों का समय बदलने का अधिकार जिला प्रशासन के पास है। प्रभावित क्षेत्र के स्कूल प्रशासन को स्थिति से अवगत करवाकर स्कूल का समय बदलने का आग्रह कर सकते हैं।