नाहन के कंटेनमेंट जोन एरिया के लोग अपनी मांग को लेकर रोष प्रकट करते हुए।
- फोटो : NAHAN
पांवटा साहिब (सिरमौर)। जनपद सिरमौर में कोरोना संक्रमण के दो और मामले सामने आए हैं। पांवटा साहिब के वीआईपी रिजॉर्ट में ठहरे अहमदाबाद के शख्स के संपर्क में आया दवा कंपनी का एक और कर्मचारी पॉजिटिव आया है। जबकि वैली आयरन इस्पात उद्योग में भी एक और कर्मचारी कोरोना संक्रमित पाया गया। दोनों को त्रिलोकपुर में बनाए गए कोविड केयर सेंटर में शिफ्ट किया गया है।
जानकारी के अनुसार कुछ दिन पहले ही पांवटा के वीआईपी रिजॉर्ट में ठहरा एक दवा उद्योग का एजीएम कोरोना संक्रमित पाया गया था। वह अहमदाबाद से दिल्ली होते हुए यहां आया था। इसके बाद रिजॉर्ट को सील कर दिया गया है। जबकि उसके संपर्क में आने वाले सभी लोग वहीं पर क्वारंटीन थे। वीरवार को इनके सैंपल लिए गए थे। इनमें अहमदाबाद से लौटे व्यक्ति से मिलने के लिए हर रोज आने वाले कंपनी के ही कर्मचारी का सैंपल भी था। शुक्रवार रात होटल में क्वारंटीन किए गए लोगों को बताया गया कि उनकी रिपोर्ट निगेटिव है, वे 14 दिन तक होम क्वारंटीन रहेंगे। इसके बाद कर्मचारी अपने घर चंडीगढ़ चला गया।
शनिवार को जब कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई तो विभाग के हाथ पांव फूल गए। उसे चंडीगढ़ से परिवार सहित वापस बुलाया गया। इसके बाद उसे कोविड केयर सेंटर में शिफ्ट किया गया। उसकी पत्नी और दो बच्चों को कालाअंब के होटल में क्वारंटीन किया गया है।
शुक्रवार को रिपोर्ट निगेटिव बताने की चूक कहां से हुई यह जांच का विषय है। हालांकि, इसे कम्यूनिकेशन गेप कहा जा रहा है। उधर, पॉजिटिव आया दूसरा शख्स धौलाकुआं के इस्पात उद्योग का कर्मी बताया जा रहा है। यहां बाहरी राज्य से पहुंचे दो कामगार पहले पॉजिटिव आए थे। इनमें से एक के साथ कामगार सोनीपत से टैक्सी में आया था। इसकी उम्र 22 वर्ष बताई जा रही है। इस्पात उद्योग में कोरोना संक्रमण का यह तीसरा मामला है।
बीएमओ राजपुर डॉ. अजय देओल ने दो मामले आने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि एक धौलाकुआं के इस्पात उद्योग का कामगार है जबकि दूसरा वीआईपी रिजॉर्ट में पॉजिटिव आए शख्स का प्राइमरी कांटेक्ट था। वीआईपी रिजॉर्ट में रह रहे शख्स को होम क्वारंटीन के लिए कहा गया था। रिपोर्ट निगेटिव बताने की वजह कम्यूनिकेशन गेप या मिस कम्यूनिकेशन रही। पॉजिटिव आने पर वह परिवार सहित ही आ गया। उसके संपर्क में कुल सात लोग आए हैं।