ददाहू पंचायत घर में जांच के बाद दवाइयां भी दी गईंसंवाद न्यूज एजेंसी
ददाहू (सिरमौर)। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के सौजन्य से स्वस्थ नारी सशक्त परिवार.., अभियान के अंतर्गत पंचायत घर ददाहू में स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। इसमें 245 रोगियों की जांच और उपचार करके उन्हें दवाइयां भी वितरित की गईं। साथ ही रोगियों को बीपी, शुगर व एचबी आदि टेस्ट की सुविधा भी मौके पर प्रदान की गई। इसके अतिरिक्त लोगों विशेषकर किशोरियों को तंदरुस्त रहने, अपनी स्वच्छता स्वयं बनाए रखने और स्वस्थ रहने के प्रति जागरूक भी किया गया। शिविर को लेकर महिलाओं में भारी उत्साह भी दिखाई दिया।
बीएमओ धगेड़ा डॉ. मोनीषा अग्रवाल ने शिविर का औचक निरीक्षण करते हुए बताया कि 17 सितंबर से 2 अक्तूबर के बीच स्वस्थ नारी सशक्त परिवार.., अभियान के अंतर्गत ग्राम स्तर पर विशेष शिविरों का आयोजन करके महिलाओं और किशोरियों के स्वास्थ्य की निशुल्क जांच की जा रही है ताकि घर की महिलाओं को स्वस्थ और तंदरुस्त रखा जा सके। साथ ही उनके शरीर में किसी भी प्रकार की कमी पाए जाने पर तुरंत उसका उपचार किया जा सके।
इस दौरान डॉ. रजत गर्ग, डॉ. निखिल गर्ग, डॉ. सचिन ने अपनी टीम के साथ रोगियों की जांच और उपचार किया। स्वास्थ्य शिक्षिका कृष्णा राठौर ने शरीर को स्वस्थ व तंदरुस्त रखने के उपाय भी बताए। इस मौके पर फार्मासिस्ट कुलवंत सिंह, सिमरन, अदिति, रेखा, रंजना, शोभा वालिया, दीना देवी, दमयंती, मीरा, सुनीता व उमा सहित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता मौजूद रहीं।
-संवाद
्र