-उच्च रक्तचाप और मधुमेह के मरीजों की हुई स्क्रीनिंग, एक नया हाइपरटेंशन रोगी मिला
-लोगों को गैर संचारी रोगों की रोकथाम और नियमित स्वास्थ्य जांच के लिए किया जागरूक
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। स्वास्थ्य खंड धगेड़ा की ओर से सोमवार को आयुष्मान आरोग्य मंदिर धानक्यारी में आयुष्मान आरोग्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्र के लोगों के स्वास्थ्य की जांच करने के साथ उन्हें गैर संचारी रोगों (एनसीडी) की समय पर पहचान, उपचार और बचाव के प्रति भी जागरूक किया गया।
खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. मोनीषा अग्रवाल ने बताया कि शिविर में डॉ. वैभव और सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी कौशल्या ने लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। चिकित्सकों ने रक्तचाप, मधुमेह सहित अन्य स्वास्थ्य संबंधी जांच कर आवश्यक परामर्श दिया। साथ ही संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, तंबाकू और नशे से दूरी तथा समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने के महत्व के बारे में भी जानकारी दी।
शिविर में 53 मरीजों की ओपीडी दर्ज की गई। जांच के दौरान 14 लोगों में उच्च रक्तचाप (हाइपरटेंशन) की पुष्टि हुई, जिनमें एक नया मरीज और 13 पुराने मरीज शामिल रहे। वहीं 10 लोग मधुमेह (डायबिटीज) से पीड़ित पाए गए, जिनमें सभी पहले से उपचाराधीन मरीज थे। इसके अलावा चार लोगों की मौखिक स्वास्थ्य (ओरल हेल्थ) संबंधी जांच की गई। तीन मरीजों को कान संबंधी समस्याओं और दो मरीजों को नेत्र संबंधी जांच एवं उपचार के लिए परामर्श दिया गया।
शिविर के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने लोगों से अपील की कि उच्च रक्तचाप और मधुमेह जैसी बीमारियों को नियंत्रित रखने के लिए नियमित दवा लेने, संतुलित जीवनशैली अपनाने और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराते रहें। उन्होंने कहा कि गैर संचारी रोगों की समय रहते पहचान होने से गंभीर जटिलताओं से बचा जा सकता है।