बडू साहिब में निशुल्क चिकित्सा शिविर में 506 लोगों ने लिया स्वास्थ्य लाभ
-पहले दिन 492 लोगों की ओपीडी जांच, 14 मरीजों की सफल सर्जरी
-मेडिसिन में 148 और नेत्र रोग विभाग में 127 लोगों ने कराया उपचार
संवाद न्यूज एजेंसी
राजगढ़ (सिरमौर)। अकाल चैरिटेबल अस्पताल बडू साहिब में अकाल कॉलेज ऑफ नर्सिंग और स्कूल ऑफ पब्लिक हेल्थ के सहयोग से दो दिवसीय निशुल्क बहु-विशेषता चिकित्सा एवं शल्य चिकित्सा शिविर शुरू हुआ। शिविर में पहले दिन दोपहर तीन बजे तक 506 लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया।
इस दौरान 492 लोगों ने विभिन्न विभागों में ओपीडी परामर्श और जांच करवाई, जबकि 14 मरीजों की सफल सर्जरी की गई। शिविर का आयोजन संत बाबा इकबाल सिंह के 100 वर्ष के जीवन और मानवता के प्रति समर्पण को समर्पित कार्यक्रमों के तहत किया गया है। इसका उद्देश्य क्षेत्र के लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श, जांच और उपचार की सुविधाएं निशुल्क उपलब्ध करवाना है।
शिविर के पहले दिन मेडिसिन विभाग में 148, नेत्र रोग में 127, ऑर्थोपेडिक्स में 83, स्त्री एवं प्रसूति रोग में 27, ईएनटी में 44 और ऑडियोलॉजी में पांच लोगों ने परामर्श लिया। इसके अलावा 58 लाभार्थियों की बोन मिनरल डेंसिटी (बीएमडी) जांच की गई। अस्पताल में विभिन्न रोगों की जांच के साथ जरूरत के अनुसार मरीजों को उपचार और सर्जरी की सुविधा भी उपलब्ध करवाई जा रही है। शिविर में आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श लिया।
शिविर में अनुभवी चिकित्सा विशेषज्ञों की टीम सेवाएं दे रही है। इसमें डॉ. गौतम सिंह, डॉ. जीपी सिंह और डॉ. राजिंदर सिंह सहित अन्य चिकित्सक शामिल हैं। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार दो दिवसीय शिविर में लोगों को विभिन्न रोगों की जांच, परामर्श और आवश्यक उपचार की सुविधाएं निशुल्क उपलब्ध करवाई जा रही हैं।-