-सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से विद्यार्थियों ने बांधा समां, बोर्ड परीक्षा के मेधावी सम्मानित
-बैडमिंटन, शतरंज और वॉलीबॉल में विद्यार्थियों का राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए चयन
संवाद न्यूज एजेंसी
राजगढ़ (सिरमौर)। गुरुकुल पीच वैली इंटरनेशनल स्कूल राजगढ़ में वार्षिक सांस्कृतिक उत्सव ‘उड़ान-2026’ मनाया गया। स्कूल अध्यक्ष सतीश ठाकुर ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम का आगाज छात्राओं की सरस्वती वंदना से हुआ। इसके बाद आठवीं से बारहवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों ने संगीत, नृत्य और नाटक की प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन किया।
विद्यार्थियों ने रामायण थीम डांस, देशभक्ति नृत्य, माइम, राजस्थानी, केरल, पंजाबी और हिमाचली लोकनृत्य नाटी सहित गरबा और हास्य नृत्य प्रस्तुत किए। शास्त्रीय गायन और वाद्ययंत्रों की प्रस्तुतियों ने भी दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। मुख्यातिथि सतीश ठाकुर ने कहा कि सांस्कृतिक और खेल गतिविधियां बच्चों में आत्मविश्वास, अनुशासन, रचनात्मकता और टीम भावना विकसित करती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को मेहनत के साथ अपनी प्रतिभा निखारने और जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
प्रधानाचार्या अनु दानी ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए बताया कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए स्कूल में वर्षभर खेलकूद और सांस्कृतिक गतिविधियां करवाई जाती हैं। उन्होंने बताया कि अंडर-14 वर्ग में बैडमिंटन और शतरंज तथा अंडर-19 वर्ग में वॉलीबॉल के लिए विद्यार्थियों का राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में चयन हुआ है। हाल ही में जिला स्तरीय सांस्कृतिक प्रतियोगिता में स्कूल के छात्र वर्ग ने समूहगान और वाद्ययंत्र प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान हासिल किया।
समारोह में बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। दसवीं कक्षा से साक्षी वर्मा, मीनाक्षी ठाकुर और सोनम ठाकुर तथा बारहवीं कक्षा से अंकित, राघवन पंडित और विवेक चौहान को पुरस्कार प्रदान किए गए। इस अवसर पर शैक्षणिक निदेशक अंबिका ठाकुर, उपप्रधानाचार्य प्रियंका चंदेल, अभिभावक मौजूद रहे।-