गुरु तेग बहादुर के शहीदी दिवस पर होगा आयोजन
संगत को गुरबाणी कीर्तन से किया जाएगा निहाल, लंगर का होगा आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। श्री गुरु तेग बहादुर साहिब के 350वें शहीदी दिवस पर ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री दशमेश अस्थान नाहन में 23 नवंबर को गुरमत समागम आयोजित किया जाएगा। गुरुद्वारा श्री दशमेश अस्थान के प्रधान सरदार अमृत शाह ने नाहन में प्रेस वार्ता में इसकी जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि आयोजन में गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी, सुखमनी सोसायटी सेवा दल नाहन, गुरु तेग बहादुर सेवा सोसायटी नाहन और चढ़दी कलां सेवा जत्था का विशेष सहयोग रहेगा। 23 नवंबर को सुबह 9:30 बजे से रात 10:00 बजे तक गुरुद्वारा परिसर और चौगान मैदान में कार्यक्रम चलेगा। समागम में भाई जगतार सिंह खालसा, भाई कुलविंद्र सिंह, भाई गाजा सिंह, बाबा प्यारा सिंह, भाई हरप्रीत सिंह, अनहद वाणी जत्था और भाई गुरमीत सिंह गुरबाणी कीर्तन और कथा से संगत को निहाल करेंगे।
उन्होंने बताया कि शहीदी दिवस पर गुरु का अटूट लंगर भी बरताया जाएगा। सरदार अमृत शाह ने जिलावासियों से धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की। इस अवसर पर मुख्य ग्रंथी भाई लक्ष्मण सिंह, प्रताप सिंह, अवकाश सिंह, हरजीत सिंह, सर्वजीत सिंह, पप्पू सिंह, इंद्रपाल सिंह, जोगिंद्र सिंह, सुरेंद्र सिंह, हरजिंद्र सिंह और लाल सिंह सहित अन्य मौजूद रहे।