फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sirmour News: सतौन में अब कूड़ा फेंका तो पहले देंगे चेतावनी, फिर होगी कार्रवाई

विज्ञापन
सतौन में ग्राम सभा के दौरान अपनी बात रखते ग्रामीण। संवाद
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

सतौन (सिरमौर)। गिरिपार क्षेत्र की ग्राम पंचायत सतौन में आयोजित ग्रामसभा में स्वच्छता, पार्किंग और अनियोजित निर्माण को लेकर कई अहम फैसले लिए गए। ग्रामसभा का कोरम पूरा होने के बाद पंचायत ने सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा फेंकने वालों के खिलाफ पहले चेतावनी और उसके बाद कड़ी कार्रवाई करने का निर्णय लिया। पंचायत घर-घर से सफाई शुल्क लेने के साथ उद्योगों और चूना-पत्थर कारोबार से भी स्वास्थ्य शुल्क वसूलने की तैयारी में है।

पंचायत ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा फेंकने की अनुमति नहीं दी जाएगी। लोगों को पहले चेतावनी दी जाएगी, इसके बावजूद नियम तोड़ने पर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। पंचायत ने ग्रामीणों से अपने घरों के कूड़े का उचित निपटान स्वयं करने का भी आह्वान किया।
विज्ञापन

सतौन बाजार में बेतरतीब खड़े वाहनों की समस्या को देखते हुए पंचायत ने सख्ती का फैसला लिया है। किसी घर में नया वाहन आता है तो उसके लिए पार्किंग की व्यवस्था वाहन मालिक को स्वयं करनी होगी। बाजार में सड़क या सार्वजनिक स्थान पर बेतरतीब वाहन खड़ा करने पर चालान किए जाएंगे।
पंचायत प्रधान पंकज शर्मा ने कहा कि सतौन में स्वच्छता और पार्किंग बड़ी समस्याएं हैं। इन्हें व्यवस्थित करने के लिए पंचायत स्तर पर ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मकान निर्माण के लिए पंचायत से एनओसी लेना आवश्यक होगा। बिना एनओसी निर्माण होने पर बिजली और पानी के कनेक्शन नहीं देने के संबंध में भी ग्रामसभा में निर्णय लिया गया।
पंचायत जमीन की खरीद-फरोख्त के मामलों में भी नियमों को सख्ती से लागू करवाने की तैयारी में है। इसके लिए राजस्व विभाग को पत्र भेजकर आग्रह किया जाएगा कि पंचायत की एनओसी के बिना जमीन की रजिस्ट्री न की जाए।

ग्रामसभा में स्वास्थ्य विभाग से पहुंचे चिकित्सक ने ग्रामीणों को टीबी, मधुमेह और रक्तचाप जैसी गंभीर बीमारियों के प्रति जागरूक किया। पुलिस प्रशासन ने नशे के बढ़ते कारोबार पर चिंता जताते हुए लोगों से अपने बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखने की अपील की।

स्वयं सहायता समूह की सचिव संतोष ने पशुओं की नियमित देखभाल करने और लंपी रोग जैसी गंभीर बीमारियों से बचाव के लिए सतर्क रहने की बात कही। महिलाओं ने भी नशे के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि यदि कोई व्यक्ति नशे की गतिविधियों में संलिप्त पाया जाता है तो पहले महिलाएं उसका विरोध करेंगी और जरूरत पड़ने पर उसे पुलिस के हवाले किया जाएगा।
विज्ञापन


ग्रामसभा में बीडीओ तिलोरधार विशेष रूप से मौजूद रहे। विभिन्न विभागों के अधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि, महिला मंडल, स्वयं सहायता समूह, युवा मंडल और वरिष्ठ नागरिकों समेत सैकड़ों ग्रामीणों ने भाग लिया।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें