ददाहू में बना उप कोष कार्यालय भवन। संवाद
48 लाख से बने भवन का 6 जनवरी को विस उपाध्यक्ष करेंगे उद्घाटन
योगेंद्र अग्रवाल,
ददाहू (सिरमौर)। ददाहू में वित्त विभाग के राजकीय उपकोष कार्यालय को अपने नए भवन की सौगात मिलने वाली है। करीब 48 लाख रुपए की लागत से बना यह भवन बीते एक साल से उद्घाटन की राह देख रहा है। इसका उद्घाटन 6 जनवरी को विधानसभा उपाध्यक्ष विनय कुमार करेंगे। उल्लेखनीय है कि उप राजकोष अधिकारी (एटीओ) के ददाहू कार्यालय को करीब 65 वर्षों के बाद अपने भवन की सौगात मिलेगी।
करीब डेढ़ दर्जन संस्थान (डीडीओ) ददाहू राजकोष कार्यालय से संबंध रखते हैं। इनके माध्यम से सालाना करोड़ों रुपये का लेनदेन होता है। बीते छह दशकों से यह कार्यालय ददाहू के तहसील भवन में चल रहा है। तीन वर्ष पूर्व राजस्व विभाग ने अपनी चार बिस्वा भूमि को वित्त विभाग के नाम स्थानांतरित करके यहां उप राजकोष अधिकारी के भवन के निर्माण की स्वीकृति प्रदान की थी। ट्रेजरी का अपना भवन बनने से विभिन्न विभागों के सेवानिवृत्त कर्मचारियों व उनके आश्रितों को बड़ी राहत मिलेगी और ददाहू तहसील कार्यालय में भी कमरों की कमी दूर होगी।
जिला राजकोष अधिकारी (डीटीओ) पुलकित धीमान ने बताया कि ददाहू में उनके विभाग का नया भवन 48 लाख रुपये में बनकर तैयार हो गया है। लोक निर्माण विभाग ने नया भवन तैयार करके इसे विभाग को सौंप दिया है। 6 जनवरी को विधानसभा उपाध्यक्ष विनय कुमार भवन का उद्घाटन करके जनता को समर्पित करेंगे। इससे विभागीय पेंशनभोगियों सहित विभागों के कर्मचारियों को भी राहत मिलेगी। संवाद