किसानों को झेलनी पड़ रही समस्या, लोग गोवंश को सड़कों पर छोड़ रहे लावारिस
संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब (सिरमौर)। उपमंडल पांवटा साहिब में लावारिस गोवंश की संख्या दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। सड़कों पर घूम रहा यह गोवंश हादसों का खतरा बन गया है। लावारिस गोवंश भूखे-प्यासे सड़कों पर भटकने को मजबूर हैं। दूर-दराज क्षेत्रों से लोग गोवंश को गाड़ी में डालकर सड़कों पर उतार रहे हैं, जिस कारण वाहनों की चपेट में आने से कई बार गोवंश घायल हो जाते हैं और दर्द से तड़पने को मजबूर हो जाते हैं।
उधर, सड़कों के किनारे खेतों में खड़ी फसलों को भी यह लावारिस गोवंश चट कर रहा है। ऐसे में किसानों को भी भारी नुकसान झेलना पड़ रहा है। सरकार और प्रशासन इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है। सिरमौरी ताल के निवासी लायक राम, जीत सिंह, कांशीराम, बीर सिंह, धनवीर सिंह, रघुवीर सिंह आदि का कहना है कि प्रशासन को इस समस्या का समाधान करना चाहिए और लावारिस पशुओं के लिए उचित व्यवस्था करनी चाहिए।
ग्रामीणों ने कहा कि पांवटा साहिब- शिलाई नेशनल हाईवे 707 पर लावारिस गोवंश की संख्या बढ़ रही है गोवंश की संख्या बढ़ने से लोगों को परेशानी हो रही है और हादसों का खतरा भी बढ़ गया है। उन्होंने कहा कि नेशनल हाईवे पर ऊंची दीवारें बनी हुई हैं, जिस कारण पशु जंगल में भी नहीं जा पाते हैं और भूख के कारण पशु रात को किसानों के खेतों में नुकसान करते हैं।
ग्रामीणों ने कहा कि रात के समय बाहर से लोग पशुओं को गाड़ी में डालकर नेशनल हाईवे पर कच्ची ढांक के पास उतार देते हैं। पशुओं की संख्या बढ़ने से कई बार सड़क हादसे हो रहे हैं। इसके अलावा गाड़ियों की चपेट में आने से पशु सड़क पर ही दर्द से जूझते रहते हैं।
स्थानीय ग्रामीणों ने कई बार प्रशासन से सड़कों पर पशु छोड़ने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही लावारिस पशुओं के लिए उचित व्यवस्था करने की मांग की है।
उधर, पांवटा साहिब के एसडीएम गुंजीत सिंह चीमा ने बताया कि कुछ समय पहले प्रशासन ने पांवटा साहिब क्षेत्र से लावारिस पशुओं को गऊशाला व सेंचुरी एरिया में भिजवाने का काम किया है। दोबारा भी सड़कों पर घूम रहे लावारिस पशुओं को गऊशाला और सेंचुरी एरिया में भिजवाने के प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने लोगों से भी अपील की है कि ऐसे पशुओं को सड़कों पर न छोड़ें। अगर कोई पशुओं को सड़कों पर छोड़ते पाया गया तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
संवाद
पांवटा साहिब- शिलाई नेशनल हाईवे 707 पर घुमते लावारिस पशु। संवाद