पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंपा शव
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। नाहन के गुन्नूघाट में नाबालिग छात्रा के आत्महत्या मामले में पुलिस ने शनिवार को पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। शुरुआती जांच में सामने आया है कि 16 वर्षीय छात्रा 10वीं कक्षा में पढ़ाई कर रही थी। स्कूल से टूअर मथुरा जा रहा था, वहां न भेजे जाने के बाद छात्रा ने आत्महत्या जैसा कदम उठा लिया।
बता दें कि वीरवार को करीब साढ़े 8 बजे पुलिस को चिकित्सा अधिकारी अस्पताल नाहन से सूचना मिली कि मालरोड नाहन से एक नाबालिग को ब्रॉड डेड अवस्था में अस्पताल लाया गया है। उसके पिता तरुण कुमार ने पुलिस को बताया कि बेटी ने शाम को उनसे पूछा था कि स्कूल से बच्चे टूअर पर मथुरा जा रहे हैं, उसे भी जाना है। उन्होंने इसके लिए इन्कार कर दिया तो बेटी नाराज हो गई। उसके बाद मंदिर चला गया और पत्नी रसोई में खाना बना रही थी। मां जब अपनी बेटी को खाना खाने के लिए बुलाने कमरे में गई तो उसे फंदे से लटके पाया। आसपास के लोगों की सहायता से बेटी को अस्पताल पहुंचाया गया जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
डीएसपी मुख्यालय रमाकांत ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि छात्रा ने टुअर पर न भेजे जाने के कारण आत्महत्या की है।