घिन्नीघाड़ विकास मंच की मासिक बैठक में 6 पंचायतों की समस्याओं पर चर्चा
दिवाली के बाद टिक्करी-कुठाड़ पंचायत में स्वास्थ्य शिविर आयोजित करेगा मंच
संवाद न्यूज एजेंसी
सराहां (सिरमौर)। घिन्नीघाड़ विकास मंच की मासिक बैठक सोमवार को कुईना-काटली मंदिर में हुई। इस दौरान घिन्नीघाड़ की छह पंचायतों की समस्याओं पर चर्चा की गई। बैठक में बरसात में बंद डूंगाघाट-किलाकंलाच और नैनाटिक्कर-ढंगयार सड़कों की मरम्मत करवाकर इन पर निगम की बस सेवा जल्द शुरू करवाने के लिए विभागों से आग्रह किया गया।
इसके अलावा सोलन से बणी-बखौली, नाहन-परवाणू बस सेवा को भी शुरू करने की मांग की गई। स्कूलों में शिक्षकों के रिक्त पदों को लेकर भी बैठक में चिंता व्यक्त की गई। समाज सेवा के क्षेत्र में अपनी भूमिका को रेखांकित करते हुए मंच ने दिवाली के बाद टिक्करी-कुठाड़ पंचायत में स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन करेगा। युवाओं को नशे से दूर रखने, स्वास्थ्य और शरीर सौष्ठव के प्रति सजग करने के उद्देश्य से मंच की ओर से तीन जागरूकता केंद्र स्थापित किए जाएंगे।
इस अवसर पर संगठन के सलाहकार मुख्य संरक्षक डॉ. प्रदीप शर्मा, प्रधान योगेंद्र नागवान, महासचिव मामराज शर्मा, ऑडिटर केसर सिंह राणा, कमलेश शर्मा, सूरला-जनोट इकाई के प्रधान घनश्याम शर्मा, संजीव शर्मा, अश्वनी शर्मा, कुलदीप शर्मा, हेम चंद, प्रेम सिंह, पंकज, चिंत राम व शेर सिंह आदि मौजूद रहे।
संवाद