डाइट में रूफटॉप सोलर प्लांट लगाने और आवेदन की दी जानकारी
प्रदेश में अब तक 7500 प्लांट किए गए स्थापित
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत डाइट नाहन परिसर में हिमाचल प्रदेश राज्य बिजली बोर्ड की ओर से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में लोगों को योजना के लाभ, आवेदन प्रक्रिया और रूफटॉप सोलर प्लांट लगाने की जानकारी दी गई।
इस दौरान बिजली बोर्ड के प्रवक्ता अनुराग पराशर ने बताया कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत प्रदेश भर में विभिन्न स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि अधिक से अधिक लोग इस योजना का लाभ उठा सकें। उन्होंने बताया कि यह सोलर रूफटॉप योजना है। इसके तहत उपभोक्ता अपने घर की छत पर सोलर प्लांट लगाकर स्वयं बिजली उत्पादन कर सकते हैं और अपनी जरूरत के अनुसार उसका उपयोग कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि यदि बिजली का उत्पादन जरूरत से अधिक होता है तो उपभोक्ता अतिरिक्त बिजली बिजली बोर्ड को बेच भी सकते हैं।उन्होंने बताया कि प्रदेश भर में अब तक करीब 7500 रूफटॉप सोलर प्लांट स्थापित किए जा चुके हैं। लोगों को योजना से जोड़ने के लिए लगातार जागरूकता अभियान भी चलाए जा रहे हैं। योजना के तहत सरकार की ओर से उपभोक्ताओं को अनुदान भी दिया जा रहा है। इसके अंतर्गत 3 किलोवाट क्षमता के प्लांट पर 85,800, 2 किलोवाट पर 66,000 और 1 किलोवाट क्षमता के प्लांट पर 33,000 रुपये का अनुदान दिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि इच्छुक उपभोक्ता बिजली बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। साथ ही उपभोक्ता अपनी सुविधा के अनुसार रूफटॉप सोलर प्लांट स्थापित करने के लिए अधिकृत वेंडर का चयन भी कर सकते हैं।