मथुरा, गोकुल और बरसाना समेत प्रमुख धार्मिक स्थलों में करेंगे दर्शन
संवाद न्यूज एजेंसी
हरिपुरधार (सिरमौर)। वरिष्ठ नागरिक डे-केयर सेंटर हरिपुरधार और सराहां के वरिष्ठ नागरिकों की चार दिवसीय वृंदावन धार्मिक यात्रा वीरवार को शुरू हुई। मां भंगायणी देवी मंदिर हरिपुरधार में मंदिर समिति के अध्यक्ष बलबीर ठाकुर ने हरी झंडी दिखाकर यात्रा को रवाना किया। यात्रा चार अक्तूबर तक चलेगी।
एकता ऑर्गेनाइजेशन की ओर से सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के प्रायोजन में आयोजित यात्रा के दौरान वरिष्ठ नागरिकों को वृंदावन, मथुरा, गोकुल और बरसाना सहित प्रमुख धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों के दर्शन करवाए जाएंगे।
इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस भी मनाया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान, अधिकार, स्वास्थ्य और समाज में उनके योगदान से जुड़े विषयों पर जानकारी साझा की गई। केंद्र प्रबंधक प्रवेश कुमार ने वरिष्ठ नागरिकों को यात्रा की शुभकामनाएं दीं।