अवैध खनन करते चार वाहन पकड़े, 95,440 रुपये जुर्माना वसूला
वन विभाग की मानपुर देवड़ा, भूपपुर और मतरालियों में कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंंसी
पांवटा साहिब (सिरमौर)। पांवटा साहिब वन विभाग ने अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई की है। इस दौरान पांवटा क्षेत्र में चार वाहनों (2 ट्रक और 2 ट्रैक्टरों) को अवैध खनन सामग्री ले जाते पकड़़ा गया। खनन सामग्री के बारे में कागजात नहीं दिखा पाने पर विभागीय टीम ने खनन अधिनियमों के तहत 95,440 रुपये जुर्माना राशि वसूली है।
वन विभाग के आरओ पांवटा विनय कुमार, बीओ पांवटा सुमंत कुमार, वन रक्षक अनवर और मुदसर की टीम ने नाके लगाए थे। सोमवार को पांवटा साहिब के मानपुर देवड़ापुल, भूपपुर और मतरालियों में वन टीमों ने दो ट्रैक्टरों और दो ट्रकों को पकड़ा। ट्रक संचालकों से 65,440 रुपये और ट्रैक्टर संचालकों से 30,000 रुपये जुर्माना राशि वसूल की गई।
डीएफओ पांवटा साहिब ऐश्वर्य राज ने पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि चार वाहनों से खनन अधिनियम के तहत 95,440 रुपये जुर्माना राशि वसूल की गई है। अवैध खनन के खिलाफ विभाग की कार्रवाई जारी रहेगी।
.........चंद्र