सराहां (सिरमौर)। वन मंडल सराहां के अंतर्गत बजगा पंचायत के गांव गंबर, दभोट, धंधोली, पपलांह व गागल शिकोर के जंगलों में आग लगने से सैकड़ों बीघा अमूल्य संपदा नष्ट हो गई है। आग के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। आग की चपेट में आने से सैकड़ों छोटे पेड़े पौधे सहित पशुओं के लिए उगा चारा भी झुलस गया।
आगजनी की सूचना मिलते ही वन विभाग के कर्मियों, बजगा पंचायत की एफआरसी कमेटी के सदस्यों सहित दर्जनों ग्रामीणों ने आग पर अंकुश लगाया लेकिन इससे पूर्व सैकड़ों बीघा जंगल आग की चपेट में आ चुका था।
बजगा पंचायत प्रधान धनवीर सिंह, वार्ड सदस्य तेजवीर शर्मा, एफआईसी कमेटी के सदस्य एवं ग्रामीण देवराज सिंह, मदन सिंह, युद्धवीर सिंह, रणवीर सिंह, हीरा सिंह, धर्म सिंह, किरण देवी, निर्मला देवी, सहदेव, चिंता देवी, सुमित्रा देवी, नीलम, प्रदीप, शिशुपाल व वीरेंद्र आदि ने बताया कि आग को बुझाने के लिए गांव के दर्जनों पुरुष एवं महिलाओं ने अपना सहयोग दिया जिसके कारण घरों तक पहुंचने से पूर्व ही आग पर काबू पा लिया गया था। उन्होंने बताया कि आग लगने से जंगल को भारी क्षति हुई है।
उधर इस संबंध में वन परिक्षेत्र अधिकारी सराहां अमर सिंह ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलते ही टीम को मौके पर भेज दिया गया था। आग पर काबू पा लिया गया है जिसमें ग्रामीणों का भरपूर सहयोग रहा है।