- दवा उद्योग पर केमिकल युक्त पानी छोड़ने का आरोप, पंचायत प्रधान ने की कार्रवाई की मांग
- प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और मत्स्य पालन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर की जांच
- नदी के पानी के नमूने जांच के लिए भेजे, रिपोर्ट से स्पष्ट होगा मछलियों की मौत का कारण
संवाद न्यूज एजेंसी
कालाअंब (सिरमौर)। औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब के तहत ग्राम पंचायत मोगीनंद में सलानी नदी में भारी संख्या में मछलियां मृत मिलने से हड़कंप मच गया। नदी में मछलियों की मौत के मामले में मोगीनंद स्थित एक दवा उद्योग पर केमिकल युक्त प्रदूषित पानी छोड़ने के गंभीर आरोप लगे हैं।
पंचायत प्रधान की शिकायत पर प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और मत्स्य पालन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। टीम ने नदी के पानी के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे हैं। ग्राम पंचायत मोगीनंद के प्रधान निखिल पुंडीर ने बताया कि उन्हें सलानी नदी में बड़ी संख्या में मछलियां मृत होने की सूचना मिली थी। इसके बाद उन्होंने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड तथा मत्स्य पालन विभाग को शिकायत देकर मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की।
प्रधान ने आरोप लगाया कि संबंधित दवा उद्योग की ओर से नदी में केमिकल युक्त पानी छोड़े जाने के कारण बड़ी संख्या में छोटी मछलियों की मौत हुई है। उन्होंने बताया कि सूचना मिलने में देरी के कारण जब तक वह मौके पर पहुंचे, तब तक काफी मृत मछलियां पानी के बहाव में बह चुकी थीं। मौके पर बची मृत मछलियों को एकत्रित कर मत्स्य पालन विभाग की टीम को सौंप दिया गया।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि संबंधित दवा उद्योग सहित कुछ अन्य उद्योगों ने भी गंदे पानी की निकासी के पाइप सलानी नदी में डाल रखे हैं। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच करवाकर दोषी पाए जाने वाले उद्योगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग उठाई है।
प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी पवन शर्मा ने बताया कि विभागीय टीम ने मौके पर पहुंचकर सलानी नदी के पानी के सैंपल लिए हैं। इन नमूनों को जांच के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मछलियों की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। रिपोर्ट के आधार पर आगामी विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। फिलहाल नदी में मछलियों की मौत का कारण स्पष्ट नहीं है।
मोगीनंद में स्थित सलानी नदी में मृत मछलियां। संवाद