-नाहन से कमांडेंट गृहरक्षक टीआर शर्मा करेंगे आगाज
-1944 में बॉम्बे फायर सर्विस के 66 दमकल कर्मियों की शहादत पर आयोजित किया जा रहा सप्ताह
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। जिले में मंगलवार से अग्निशमन विभाग राष्ट्रीय अग्निशमन सेवा सप्ताह की शुरुआत कर रहा है। इसका आगाज नाहन से प्रात: 11 बजे आदेशक गृहरक्षक टीआर शर्मा करेंगे। कार्यक्रम के पहले दिन अग्निशमन केंद्र नाहन में आयोजित एक विशेष समारोह में विभाग के अधिकारी और कर्मचारी उन 66 वीर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे, जिन्होंने 14 अप्रैल 1944 को मुंबई बंदरगाह पर लगी भीषण आग बुझाते हुए अपने प्राणों की आहुति दी थी। इस दौरान दो मिनट का मौन भी रखा जाएगा।
बता दें कि 14 अप्रैल 1944 को मुंबई के विक्टोरिया बंदरगाह पर खड़े मालवाहक जहाज एसएस फोर्ट स्टिकिन में भीषण विस्फोट हुआ था। इस जहाज पर विस्फोटक, कपास और तेल जैसे अत्यधिक ज्वलनशील पदार्थ लदे थे। आग पर काबू पाने की कोशिश में बॉम्बे फायर सर्विस के 66 दमकल कर्मी मौके पर ही शहीद हो गए थे। उनकी वीरता और सर्वोच्च बलिदान की स्मृति में देशभर में हर साल 14 अप्रैल को ‘अग्निशमन सेवा दिवस’ और इसके बाद एक सप्ताह तक जागरूकता अभियान चलाया जाता है।
सप्ताह के दौरान स्कूलों, अस्पतालों और सार्वजनिक स्थानों पर विशेष जागरूकता शिविर लगाए जाएंगे। वहीं, ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में गैस सिलिंडर से लगने वाली आग और अन्य आपात स्थितियों से निपटने के लिए लाइव डेमो दिए जाएंगे। अग्निशमन विभाग ने जनता से अपील की है कि वे अग्नि सुरक्षा नियमों का पालन करें और किसी भी आपात स्थिति में विभाग को तुरंत सूचित करें ताकि जान-माल के नुकसान को कम किया जा सके।
संवाद