राजगढ़ (सिरमौर)। चौपाल तहसील के सराहन निवासी पमीश रांटा ने मारपीट का मामला दर्ज करवाया है। उसने बताया कि उसका मित्र संदीप पिकअप गाड़ी में सेब लेकर पंचकुला गया था। वहां सेब बेचकर वह परवाणू से राशन लेकर अपने गांव सराहन (चौपाल) के लिए चला। शुक्रवार को वह जघेड़ के समीप पहुंचा तो उसके आगे चल रही एक पिकअप से साइड लेनी चाही तो पिकअप वाले ने उसके साथ गाली गलौच किया। उस पिकअप में चालक ने अपने साथी को संपर्क किया और जब वह करीब 2.30 बजे रात जघेड़ पहुंचा तो उस चालक और उसके साथी चालक ने सड़क के बीच अपनी पिकअप लगा दी और उसकी गाड़ी को रोककर उसके और उसके साथी संदीप के साथ डंडों से तीन व्यक्तियों ने मारपीट की और उसका फोन भी छीन लिया। पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धारा 341, 323, 356 और 34 के तहत मामला दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है।