3000 से 3500 रुपये क्विंटल बिक रहा अदरक
टमाटर और शिमला मिर्च के बाद अदरक ने बढ़ाई चिंता
संवाद न्यूज एजेंसी
सराहां (सिरमौर)। पच्छाद क्षेत्र में अदरक के दाम गिरने से किसानों की चिंता बढ़ गई है। पिछले कुछ दिनों से अदरक 3,000 से 3,500 रुपये प्रति क्विंटल बिक रहा है। किसानों का कहना है कि मौजूदा भाव में उत्पादन लागत निकालना भी मुश्किल हो रहा है। क्षेत्र में बड़ी संख्या में किसान अदरक की खेती पर निर्भर हैं और इसी से परिवार की आजीविका चलाते हैं।
किसानों के अनुसार इस सीजन में टमाटर और शिमला मिर्च के भाव भी कम रहे, जिससे उनकी आमदनी प्रभावित हुई। अब अदरक के दाम गिरने से परेशानी और बढ़ गई है। किसान राजेंद्र सिंह, प्रीतम सिंह, रमेश कुमार, सुरजन सिंह, भीम सिंह, सुरेंद्र कुमार, अनिल शर्मा और सुरेश कुमार ने बताया कि उन्होंने महंगे दाम पर अदरक का बीज खरीदा था, लेकिन तैयार फसल का भाव काफी नीचे आ गया है। उन्होंने सरकार से अदरक का समर्थन मूल्य तय करने की मांग की है।
सराहां सब्जी मंडी के आढ़ती जयप्रकाश शर्मा, जगदीश शर्मा, हरि शर्मा और अजय शर्मा ने बताया कि इस बार अधिकतर सब्जियों के भाव उम्मीद से कम रहे हैं। उन्होंने कहा कि असम से अदरक की भारी आवक के कारण स्थानीय अदरक के दाम नीचे आए हैं। उनके अनुसार असम से आवक कम होने पर हिमाचल में उत्पादित अदरक को बेहतर भाव मिल सकता है।