नियमित शटडाउन के बाद भी नहीं रूक रही बिजली की आंखमिचौनी
दिन में लग रहे कई बार पॉवर कट, लोग उमस और गर्मी से हुए बेहाल
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। जिला मुख्यालय नाहन में बिजली की आंखमिचौनी जारी है। यहां दिन में कई-कई बार बत्ती गुल हो रही है। इससे नाहन शहर के 13 वार्डों की करीब 28 हजार की आबादी प्रभावित है। रविवार को भी शहर के कई इलाकों में कई बार बिजली गई। ऐसे में उमस और गर्मी से लोग बेहाल दिखे। सरकारी अवकाश होने के कारण सभी लोग घर पर ही थे, ऐसे में उनको घर पर भी चैन के पल नसीब नहीं हुए। इससे लोगों में रोष देखा गया।
लोगों का आरोप है कि विभाग एक ओर मरम्मत के नाम पर एक दिन पूरा बिजली बंद रखता है। उसके बाद भी रोज अघोषित कट लगाकर लोगों को परेशान किया जा रहा है। बिना किसी सूचना के लगाए जा रहे कटों की वजह से उनके जरूरी कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
लोगों का कहना है कि बिजली विभाग ने मरम्मत के नाम पर हाल ही में पूरा दिन बिजली बंद रखी। उसके बाद से लगातार दिन में कई बार लाइट जा रही है।
विभाग के एसडीओ केपी सिंह ने कहा कि दो बार खोदरी के पास दिक्कत आने से बिजली प्रभावित रही। शाम के समय एसएफडीए हॉल के पास बिजली की केबल जलने से बिजली की आपूर्ति प्रभावित हुई।
क्या कहते हैं लोग-
1. अमरपुर निवासी अधिवक्ता अशोक पुंडीर ने कहा कि लंबे समय से बिजली की तारों की मरम्मत के नाम पर शटडाउन किया जाता है। उसके बाद भी दिन में कई कई बार लाइट जा रही है जिससे घरेलू कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं। छुट्टी वाले दिन भी चैन नहीं मिल रहा।
2. वार्ड पांच के प्रेमपाल महेंद्रू ने कहा कि दिन में कई बार लाइट जा रही है। सुबह के समय भी रोजाना लाइट जा रही है। इससे गर्मी और उमस के कारण भारी परेशानी हो रही है। रविवार को भी घर में रहना दुश्वार हो गया।
3. व्यवसायी दीपक कश्यप ने कहा कि बार-बार लाइट जाने से काम पर असर पड़ रहा है। गर्मी और उमस के कारण परेशानी हो रही है। दुकान में खड़े रहना भी मुश्किल हो गया है। बिजली न जाए इसके लिए स्थायी प्रावधान होना चाहिए।
4. दुकानदार जमीला ने कहा कि दिन में कई बार लाइट जा रही है। लाइट न होने से उमस और गर्मी ने परेशान करके रख दिया है। गर्मी के मौसम में ऐसा नहीं होना चाहिए। संवाद