विद्युत उपमंडल कालाअंब ने जारी किया एक सप्ताह में बिल जमा करवाने का अल्टीमेट
कालाअंब क्षेत्र में घरेलू, वाणिज्यिक और अस्थायी उपभोक्ताओं पर करोड़ों का बकाया
संवाद न्यूज़ एजेंसी
कालाअंब (सिरमौर)। विद्युत उपमंडल कालाअंब के अंतर्गत आने वाले घरेलू, वाणिज्यिक एवं कृषि उपभोक्ताओं पर बिजली बिल का करोड़ों रुपये का बकाया लंबित चल रहा है। इसको लेकर विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए सभी उपभोक्ताओं को एक सप्ताह का अंतिम अल्टीमेटम जारी किया है।
विद्युत उपमंडल कालाअंब के अंतर्गत आने वाले घरेलू उपभोक्ताओं पर 1, 22,89,079 रुपये, वाणिज्यिक उपभोक्ताओं पर 71, 55,982 रुपये, अस्थायी उपभोक्ताओं पर 20,3,619 रुपये और कृषि श्रेणी के उपभोक्ताओं पर 10,5,706 रुपये की भारी भरकम राशि बकाया है। बोर्ड की ओर से बार-बार सूचनाएं और पत्र जारी करने के बावजूद भी उपभोक्ताओं ने बकाया बिल जमा नहीं किए हैं।
अब बोर्ड ने एक सप्ताह का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि यदि उपभोक्ताओं ने निर्धारित अवधि के भीतर अपने बकाया विद्युत बिल जमा नहीं करवाए तो उनकी विद्युत आपूर्ति बिना किसी अतिरिक्त सूचना के काट दी जाएगी। बिजली कटौती के लिए बोर्ड किसी भी प्रकार से जिम्मेदार नहीं होगा। इसकी संपूर्ण जवाबदेही संबंधित उपभोक्ता की स्वयं की होगी।
बाक्स-
कालाअंब क्षेत्र के उपभोक्ताओं पर करोड़ों रुपये के विद्युत बिलों का बकाया है। उपभोक्ताओं को एक सप्ताह के भीतर इसे जमा करवाने का अल्टीमेटम दिया गया है। सभी उपभोक्ताओं से अपील की जाती है कि किसी भी प्रकार की असुविधा, बिजली कटौती या कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए समय रहते अपने लंबित बिजली बिलों का भुगतान सुनिश्चित करें।
- ई. महेश चौधरी, सहायक अभियंता विद्युत उपमंडल कालाअंब
संवाद