नाहन के सेवानिवृत्त सैनिक बोले, छह महीने से शून्य आ रहा था बिल
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। नाहन के वार्ड 9 निवासी एक सेवानिवृत्त सैनिक को 38,624 रुपये बिजली बिल आया है। भारी-भरकम बिल देखकर उपभोक्ता के होश उड़ गए। भारतीय सेना से सेवानिवृत्त अक्षय भटनागर ने दिवंगत पिता जेएस भटनागर के नाम पर दर्ज मीटर (संख्या 100001691199) का बिल पिछले छह महीनों से शून्य आ रहा था। अक्षय भटनागर ने बताया कि कमरा बंद रहता है और 15 दिन पहले ही स्मार्ट मीटर लगाया गया है। महज 15 दिनों में ही 38,624 रुपये बिजली बिल का मेसेज आया है। पिछले छह महीने से बिजली बिल शून्य आ रहा था। 23 अप्रैल को पुराने मीटर की जगह स्मार्ट मीटर लगाया गया है। इसके बाद ही इतना ज्यादा बिजली बिल आया है। पिछले डेढ़ महीने से कमरा बंद है और उस पर ताला लटका हुआ है। उन्होंने बताया कि पहले जब बिल शून्य आता था, तब भी खर्च की गई यूनिट का ब्योरा दर्ज होता था, लेकिन स्मार्ट मीटर में यूनिट्स का कोई हिसाब-किताब ही नहीं दिया गया है। अक्षय भटनागर ने चेतावनी दी कि यदि इस त्रुटिपूर्ण बिल को तुरंत दुरुस्त नहीं किया गया, तो वे बोर्ड के खिलाफ कड़ा कदम उठाने से भी गुरेज नहीं करेंगे। उन्होंने इसकी शिकायत बिजली बोर्ड के अधिकारियों से भी करने की बात कही है।
उधर, बिजली बोर्ड के अधीक्षण अभियंता वीरेंद्र शर्मा ने बताया कि ऐसी कोई शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर जांच की जाएगी और यदि कोई त्रुटि हुई है तो उसे ठीक कर दिया जाएगा।