2021 में मिले थे फार्म, एसडीएम बोले-डीसी से करेंगे बात
संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब (सिरमौर)। प्रदेश में तीन चरणों में हो रहे पंचायतीराज चुनाव को निष्पक्ष और सफल बनाने में जुटे कर्मचारी खुद अपने मताधिकार से वंचित होते दिख रहे हैं। पांवटा साहिब विकास खंड में अन्य विधानसभा क्षेत्रों से तैनात सैकड़ों कर्मचारियों को इलेक्शन ड्यूटी सर्टिफिकेट (ईडीसी) फार्म जारी नहीं किए जा रहे हैं। इससे कर्मचारियों में रोष है।
प्रदेश में पंचायत चुनाव के लिए पोलिंग पार्टियां गठित कर दी गई हैं और कर्मचारियों की रिहर्सल भी चल रही है। निष्पक्ष चुनाव के लिए कर्मचारी को ड्यूटी पर लगाया गया है। पांवटा साहिब ब्लॉक में शिलाई, श्री रेणुका जी, पच्छाद व नाहन विधानसभा क्षेत्र के कर्मचारी चुनाव ड्यूटी दे रहे हैं।
हैरानी की बात यह है कि पांवटा साहिब विकास खंड कार्यालय से बाहरी विधानसभा क्षेत्रों के कर्मचारियों को ईडीसी फार्म जारी नहीं किए जा रहे। ईडीसी फार्म के जरिए ही ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी अपने मूल बूथ के बजाय ड्यूटी वाले बूथ पर मतदान कर सकते हैं।
कर्मचारियों का आरोप- 2021 में मिला था मौका, अब अन्याय
पांवटा साहिब ब्लॉक में तैनात कर्मचारी रामस्वरूप शर्मा, दीपचंद, नेत्र चौहान, नरेंद्र चौहान, भीम सिंह आदि ने बताया कि हम सभी चुनाव ड्यूटी में लगे हैं, लेकिन वोट नहीं डाल पाएंगे। 2021 के पंचायत चुनाव में ईडीसी फार्म देकर मतदान का अवसर दिया गया था लेकिन इस बार फार्म नहीं दिए जा रहे। मतदान करना हर नागरिक का संवैधानिक अधिकार है। अगर समय रहते ईडीसी फार्म जारी नहीं हुए तो सैकड़ों कर्मचारी मतदान से वंचित रह जाएंगे। यह हमारे साथ सरासर अन्याय होगा।
पांवटा साहिब के बीडीओ विकास बंसल ने कहा कि नियमों में ऐसा प्रावधान नहीं है, जिस कारण यह दिक्कत आ रही है। उच्च अधिकारियों से बात कर रहे हैं।
एसडीएम पांवटा साहिब द्विज गोयल ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। इस संबंध में डीसी सिरमौर से बात की जाएगी। डीसी के आदेश के अनुसार ही आगे की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।