सभागार में खाली रहीं 15 कुर्सियां, कोरम पूरा न होने से स्थगित हुई प्रक्रिया
अब 16 या 17 जून को होगी अगली बैठक, आठ सदस्यों की मौजूदगी होगी पर्याप्त
संवाद न्यूज एजेंसी
ददाहू (सिरमौर)। विकास खंड ददाहू में बीडीसी अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के चुनाव के लिए बुलाई गई बैठक वीरवार नहीं हो पाई। हैरानी की बात यह रही कि 15 सदस्यीय समिति में से एक भी सदस्य बैठक में उपस्थित नहीं हुआ, जिसके चलते चुनाव प्रक्रिया शुरू ही नहीं हो सकी। बीडीसी अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के नामांकन के लिए आयोजित बैठक में सभागार की सभी 15 कुर्सियां खाली रहीं।
दोनों प्रमुख राजनीतिक दलों के सदस्य भी बैठक से नदारद रहे। अधिकारियों ने निर्धारित समय तक सदस्यों का इंतजार किया, लेकिन कोई भी सदस्य उपस्थित नहीं हुआ। पहली बैठक में चुनाव प्रक्रिया शुरू करने के लिए दो-तिहाई कोरम यानी कम से कम 10 सदस्यों की उपस्थिति आवश्यक थी। सदस्यों की अनुपस्थिति के कारण चुनाव को स्थगित कर दिया गया।
बीडीसी के एआरओ एवं तहसीलदार ददाहू जय सिंह ठाकुर ने बताया कि अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के चुनाव के लिए बुलाई गई बैठक में किसी भी सदस्य ने अपनी उपस्थिति दर्ज नहीं कराई। अधिकारियों ने करीब एक घंटे तक सदस्यों की प्रतीक्षा की, लेकिन दोपहर 12:10 बजे के बाद बैठक को स्थगित करना पड़ा। अब अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद का चुनाव अगले सप्ताह 16 या 17 जून को कराया जाएगा। अगली बैठक में कोरम पूरा करने के लिए मात्र आठ सदस्यों की उपस्थिति पर्याप्त होगी, जिसके बाद चुनाव प्रक्रिया संपन्न कराई जाएगी।