जिला कल्याण अधिकारी ने लाभार्थियों से जल्द सत्यापन कराने की अपील की
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। जिला कल्याण अधिकारी गावा सिंह नेगी ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन प्राप्त कर रहे सभी लाभार्थियों से एक माह में अपनी आधार आधारित सत्यापन (ई-केवाईसी) प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि निर्धारित अवधि में सत्यापन नहीं कराने वाले लाभार्थियों को अपात्र अथवा अनुपलब्ध मानते हुए उनकी पेंशन प्रभावित हो सकती है।
जिला कल्याण अधिकारी ने बताया कि सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग ने सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारकों के आधार आधारित ई-केवाईसी सत्यापन का अभियान जुलाई 2025 में जिला एवं तहसील कल्याण अधिकारियों की ओर से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के सहयोग से शुरू किया गया था। विभाग ने इसके लिए 28 फरवरी 2026 तक की समय-सीमा निर्धारित की थी, जिसके दौरान प्रदेशभर में 7,84,976 लाभार्थियों का ई-केवाईसी सफलतापूर्वक पूरा किया जा चुका है।
उन्होंने कहा कि जिन पेंशन लाभार्थियों का अभी तक ई-केवाईसी नहीं हुआ है, वे संबंधित तहसील कल्याण अधिकारी कार्यालय में जाकर अगले एक माह में अपना आधार आधारित सत्यापन अवश्य करवाएं।
यदि किसी असहाय पेंशनभोगी का आधार कार्ड नहीं बना है या उसमें किसी प्रकार का संशोधन अथवा अपडेट करवाना है, तो वह जिला कल्याण अधिकारी या संबंधित तहसील कल्याण अधिकारी से संपर्क कर सकता है। उन्होंने लाभार्थियों से ई-केवाईसी से संबंधित किसी भी जानकारी के लिए अपने नजदीकी जिला अथवा तहसील कल्याण अधिकारी कार्यालय से शीघ्र संपर्क करने की अपील की।