-छात्रों की पढ़ाई हो रही प्रभावित, अन्य स्कूलों का रुख कर रहे छात्र
देवराज शर्मा
सराहां (सिरमौर)। एक तरफ सरकार बेहतर शिक्षा देने के दावे करती है तो दूसरी तरफ स्कूलों में पर्याप्त शिक्षक ही मौजूद नहीं हैं। इसके चलते छात्रों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। ऐसा ही मामला राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला धार टिक्करी में सामने आया है। यहां प्रधानाचार्य, प्रवक्ता और अध्यापकों के आठ पद खाली पड़े हैं।
इतनी संख्या में पद रिक्त होने के चलते जहां बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है तो वहीं अभिभावकों में भी काफी रोष है। अभिभावकों को अपने बच्चों के भविष्य की चिंता सता रही है, जिसके चलते बच्चे अन्य स्कूलों में पलायन को भी मजबूर हुए हैं।
एसएमसी प्रधान धनेश्वर सिंह, रीना कुमारी, पूनम शर्मा, वंदना कुमारी, सुरेश कुमार, सुनील ठाकुर, प्रतिपाल व सुनील कुमार ने बताया कि राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला धार टिक्करी में प्रधानाचार्य, इतिहास, अंग्रेजी, कंप्यूटर साइंस के प्रवक्ता के अलावा वरिष्ठ सहायक व पीईटी का पद भी खाली पड़ा हुआ है। जिस कारण बच्चों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि उनके स्कूल में अध्यापकों की कमी के कारण बच्चे कई किलोमीटर दूरी पर दूसरे स्कूलों के लिए पलायन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कई बार एसएमसी के माध्यम से जानकारी दी जा चुकी है। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही स्कूल प्रबंधन कमेटी के माध्यम से प्रदेश के शिक्षा मंत्री से भी मिलेंगे। वहीं, स्कूल के कार्यवाहक प्रधानाचार्य हुसन सिंह नेगी ने बताया कि स्कूल में खाली पड़े प्रवक्ता व अध्यापकों के पदों की सूचना उच्च अधिकारियों को भेज दी गई है।