सतौन (सिरमौर)। रावमापा कठवार के अध्यापकों ने अपने बच्चों का दाखिला सरकारी स्कूल में करवाकर मिसाल पेश की है। उन्होंने इस कार्य से दूसरे अभिभावकों को भी अपने बच्चों को सरकारी स्कूल में पढ़ाने के लिए प्रेरित किया है। अध्यापकों की इस पहल की खूब सराहना की जा रही है।
रावमापा स्कूल कठवार की अंग्रेजी प्रवक्ता सीमा चौहान, प्रवक्ता हिंदी अनिल कुमार, भाषा अध्यापक वीरेंद्र सिंह और जेबीटी सीता राम ने अपने बच्चों का दाखिला प्राथमिक स्कूल कठवार में किया है। यह अध्यापक खुद भी इसी स्कूल में कार्यरत हैं। सीमा चौहान और अनिल ने अपनी अपनी बेटी का दाखिला तीसरी कक्षा, वीरेंद्र सिंह ने चौथी और सीता राम ने प्रथम कक्षा में किया है।
अध्यापकों का कहना है कि सरकार ने सरकारी स्कूलों में कई सुविधाओं के साथ-साथ गुणात्मक शिक्षा मुहैया करवाई है। जबकि ग्रामीण क्षेत्र के लोग निजी स्कूलों के चलते गांवों से पलायन कर शहरों की ओर रुख कर रहे हैं। सरकारी स्कूलों में दिन प्रतिदिन संख्या घट रही है जिस कारण से ग्रामीण क्षेत्र के कई स्कूल बंद हो चुके हैं। सरकारी स्कूलों में गुणात्मक शिक्षा मिल रही है। ट्रेंड अध्यापक के द्वारा अध्यापन करवाया जा रहा है। ऐसे में सभी को अपने बच्चों को सरकारी स्कूलों में डालना चाहिए।
-----------