-अंतरराष्ट्रीय नशा निषेध दिवस पर 11.5 किलो चरस, 71 किलो चूरा पोस्त और 3704 नशीली गोलियां-कैप्सूल इंसिनरेटर में जलाए
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। अंतरराष्ट्रीय नशा निषेध एवं अवैध तस्करी निवारण दिवस के अवसर पर गुरुवार को प्रदेशभर में ‘एंटी-चिट्टा दिवस’ मनाया गया। इस दौरान नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सिरमौर पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के विभिन्न मामलों में जब्त किए गए करीब 54.26 लाख रुपये के नशीले पदार्थों को सरकारी इंसिनरेटर में नष्ट किया। कार्रवाई के माध्यम से पुलिस ने नशा तस्करों को कड़ा संदेश देते हुए साफ किया कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
जिला सिरमौर पुलिस ने इस दौरान 11.508 किलोग्राम चरस, 71.020 किलोग्राम चूरा पोस्त तथा 3,704 नशीली गोलियां एवं कैप्सूल पूरी तरह नष्ट किए। इन मादक पदार्थों की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 54,26,600 रुपये आंकी गई है। यह कार्रवाई एनडीपीएस अधिनियम के तहत दर्ज मामलों में जब्त केस प्रॉपर्टी को नियमानुसार नष्ट करने की प्रक्रिया के तहत की गई।
प्रदेश स्तर पर आयोजित इस अभियान में मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक तथा अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (सीआईडी) की वर्चुअल उपस्थिति में विभिन्न जिलों में एक साथ जब्त मादक पदार्थों को इंसिनरेटर में नष्ट किया गया।
एसपी एनएस नेगी ने बताया कि नशे के नेटवर्क के खिलाफ प्रदेश सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत काम किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि
नशा उन्मूलन अभियान के तहत जिले की 20 संवेदनशील पंचायतों में नशा निवारण समितियों की बैठकें भी आयोजित की गईं। इनमें पंचायत प्रतिनिधियों और विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया तथा नशे के खिलाफ जनभागीदारी बढ़ाने और प्रभावी रणनीति पर चर्चा की।
पुलिस ने आम लोगों से अपील की कि चिट्टा या अन्य किसी भी मादक पदार्थ की तस्करी, बिक्री, भंडारण अथवा सेवन से संबंधित सूचना तत्काल 112 या नजदीकी पुलिस थाने को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी तथा हर सूचना पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी।