-बोले, गुलरिया ढांक का स्थायी समाधान करे सरकार, पुल का भी जल्द हो निर्माण
- रूण नदी पर पुल बनाकर वैकल्पिक मार्ग तैयार करने की मांग, कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने नाहन विधानसभा क्षेत्र में सड़कों और पुलों की स्थिति पर सवाल उठाते हुए गुलरिया ढांक का स्थायी समाधान करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यहां बार-बार भूस्खलन से सड़क बंद होने के कारण कर्मचारियों, दिहाड़ीदारों और विद्यार्थियों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। मलबा गिरने से दुर्घटना का खतरा भी बना रहता है।
नाहन में प्रेस वार्ता के दौरान बिंदल ने कहा कि गुलरिया ढांक पिछले दो-तीन वर्षों से समस्या बनी हुई है और कई बार बिना बारिश के भी मलबा गिरता है। उन्होंने रूण नदी पर पुल और आगे एक अन्य पुल बनाकर वैकल्पिक सड़क मार्ग तैयार करने का सुझाव दिया। उनके अनुसार, इससे कोटड़ी, गुलरिया, पालियो पंचायत के कुछ हिस्सों और आसपास के गांवों को लाभ मिल सकता है।
उन्होंने कहा कि नारायणगढ़ से सराहां के लिए भाजपा सरकार के समय शुरू की गई बस सेवा भी पिछले कई महीनों से बंद है। बिंदल ने पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल में कौलांवालाभूड़ क्षेत्र में मझाड़ा खड्ड, नीम वाली और अंधेरी में पुल निर्माण का उल्लेख किया। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार ने पांच साल में 62 पुल बनवाए और मौजूदा सरकार के कार्यकाल में पुल निर्माण की स्थिति पर सवाल उठाए।
बिंदल ने सरकार से गुलरिया ढांक की समस्या का स्थायी समाधान करने और वैकल्पिक मार्ग के लिए पुल निर्माण की दिशा में शीघ्र कदम उठाने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि मांग पर कार्रवाई नहीं हुई तो भाजपा आंदोलन करेगी।