पशुपालन ने विभाग ने शुरू किया वैक्सीनेशन अभियान
संवाद न्यूज एजेंसी
राजगढ़ (सिरमौर)। नगर पंचायत राजगढ़ में लावारिस कुत्तों से उत्पन्न होने वाले संभावित खतरों को कम करने और आम नागरिकों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध करवाने की दिशा में एंटी रैबीज वैक्सीनेशन अभियान चलाया गया। उपायुक्त जिला सिरमौर के निर्देशों के अनुसार यह अभियान नगर पंचायत राजगढ़ और पशु चिकित्सा विभाग के संयुक्त सहयोग से नगर के विभिन्न वार्डों में सफलतापूर्वक संचालित किया गया।
उपमंडलीय पशु चिकित्सा अधिकारी राजगढ़ डॉ. एसएस सिख ने बताया कि अभियान के दौरान करीब 25 लावारिस कुत्तों को एंटी रैबीज वैक्सीन दी गई। यह अभियान रैबीज जैसी जानलेवा बीमारी से बचाव के लिए अत्यंत आवश्यक है, जिससे किसी को कुत्तों द्वारा काटने की स्थिति में बच्चों और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। भविष्य में लावारिस कुत्तों की बढ़ती संख्या पर नियंत्रण के लिए उनकी नसबंदी की जाएगी।
नगर पंचायत के सेनेटरी अधिकारी रामेश्वरम शर्मा ने बताया कि नगर क्षेत्र में लावारिस कुत्तों की समस्या के स्थायी समाधान के लिए शीघ्र ही डॉग शेल्टर के निर्माण की योजना पर कार्य शुरू किया जाएगा। इस अभियान में आशुतोष वर्मा, प्रदीप सहित नगर पंचायत व पशु चिकित्सा विभाग के कर्मचारी सक्रिय रूप से मौजूद रहे।
संवाद