नाहन मेडिकल कॉलेज में गेट मीटिंग के दौरान एमबीबीएस के विद्यार्थी।
- फोटो : NAHAN
नाहन (सिरमौर)। चार दिन से चल रही चिकित्सकों की पेन डाउन हड़ताल में डॉ. वाईएस परमार मेडिकल कॉलेज नाहन की फैकल्टी एसोसिएशन भी उतर गई है। शुक्रवार को कॉलेज में दो घंटे तक ओपीडी बंद रहीं। सुबह 9:30 से 11:30 बजे तक दूरदराज के क्षेत्रों से पहुंचे लोग चिकित्सक के इंतजार में तड़फते रहे। चिकित्सकों और मेडिकल स्टूडेंट्स ने गेट मीटिंग कर पंजाब सरकार की ओर से जारी छठे वेतनमान पर पुनर्विचार करके संशोधन की मांग रखी।
समय: सुबह 9:45 बजे। मेडिकल कॉलेज नाहन के पर्ची काउंटर पर लोगों की भारी भीड़ जुटी है। प्रचंड गर्मी में पसीने से तरबतर हुए यह लोग पर्ची बनाने की जद्दोजहद में है। नौहराधार इलाके से आए सुनील पर्ची बनाकर ओपीडी की ओर दौड़े। वहां भी मरीजों की भारी भीड़ थी लेकिन ओपीडी में कोई चिकित्सक नहीं मिला। वहां सुरक्षा में तैनात जवान को पूछने पर पता चला कि आज दो घंटे की पेन डाउन हड़ताल है।
समय 10:30 बजे मेडिकल कॉलेज की सीढ़ियों पर कुछ लोग बैठे हैं। शिलाई के ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे यह लोग गर्मी से बचने के लिए छांव तलाशते दिखे। एक महिला ने कहा कि वह आठ बजे अस्पताल पहुंच गई थी। नौ बजे पर्ची बनाकर सीधा इस उम्मीद से ओपीडी में पहुंची कि जल्द चेकअप करवाकर लौट जाएगी लेकिन अब फिर लंबा इंतजार करना पड़ेगा। इस बीच मेडिसन ओपीडी में सबसे अधिक भीड़ देखने को मिली। गायनी विशेषज्ञ में भी महिलाएं चिकित्सक के आने का इंतजार करती हुईं देखी गईं।
संगड़ाह क्षेत्र से आई महिला रजनी ने कहा कि वह टैक्सी में भारी खर्चा कर यहां पहुंची है। उन्हें उम्मीद थी कि जल्द चेकअप करवाकर वह वापस जाएंगी लेकिन अब दो घंटे तक इंतजार करना पड़ेगा।
लगभग सवा दस बजे फैकल्टी एसोसिएशन के पदाधिकारी, चिकित्सक और मेडिकल स्टूडेंट्स कैंपस में एकत्रित हुए और गेट मीटिंग की। एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. नवीन ने कहा कि राज्यभर में चिकित्सक चार दिन से पेन डाउन हड़ताल पर हैं। आज फैकल्टी एसोसिएशन भी इसके समर्थन में उतरी है। उनके अनुसार पेन डाउन के दौरान आपातकालीन सेवाएं जारी रहीं। वहीं, कोविड सेवाओं को भी नहीं रोका गया।