अस्पताल में रात के समय इमरजेंसी उपचार के लिए मरीज झेल रहे परेशानी
संवाद न्यज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। डॉ. वाईएस परमार मेडिकल कॉलेज नाहन में रात के समय इमरजेंसी सेवाओं में विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी के चलते मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इमरजेंसी में उपचार के लिए लोगों को कई बार लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि अधिकतर मामलों में प्रशिक्षु (ट्रेनी) चिकित्सक ही प्राथमिक उपचार देते नजर आते हैं।
गंभीर मरीजों के लिए विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता समय पर नहीं होने से कई बार स्थिति चिंताजनक बन जाती है। तीमारदार राजेश कुमार, संदीप, राकेश शर्मा ने बताया कि प्रशिक्षु चिकित्सक क्षमता के अनुसार सेवाएं देते हैं, लेकिन जटिल मामलों में विशेषज्ञ डॉक्टरों की अनुपस्थिति मरीजों के लिए जोखिम बढ़ा रही है। कई बार डॉक्टरों को बुलाने में भी देरी होती है, जिससे इलाज में विलंब हो जाता है।
लोगों ने सरकार और विभाग से रिक्त पदों को भरने और रात के समय इमरजेंसी में स्टाफ बढ़ाने की मांग की है। उधर, मेडिकल कॉलेज की प्रधानाचार्य डॉ. संगीत ढिल्लों ने माना कि स्टाफ की कमी के चलते कई मर्तबा दिक्कतें रहती हैं। रिक्त पदों को लेकर विभाग के उच्चाधिकारियों को समय-समय पर अवगत करवाया जा रहा है। प्रबंधन की ओर से लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देने के प्रयास प्रबंधन की ओर से किए जा रहे हैं। संवाद